
छात्रनेता ने मंच पर लगाए आंदोलन में सहयोग नहीं करने के आरोप
सवाईमाधोपुर. हथड़ौली सरपंच रघुवीर मीना हत्याकांड मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बजरिया के इंद्रा मैदान में आयोजित सभा सियासी अखाड़ा बन गई। सभा के दौरान अनशनकारी छात्रनेता अनंत बड़ीला ने पूर्व संसदीय सचिव रामकेश मीना पर आंदोलन में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए मंच पर उनके खिलाफ बोलना शुरू कर दिया। बड़ीला ने माइक लेकर आरोप लगाया कि पूर्व संसदीय सचिव ने सरपंच के परिजनों को तीए की बैठक के दौरान आश्वासन दिया था कि प्रशासन की ओर से सात दिन मे कार्रवाई नहीं की गई तो पूरी जिला परिषद इस्तीफा देगी। लेकिन एक माह बीत गया। प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की गई। बावजूद इसके पूर्व संसदीय सचिव अपने वादे से मुकर गए हैं।जिला परिषद ने भी इस्तीफा नहीं दिया। गौरतलब है कि पूर्व संसदीय सचिव की बहू विनिता मीणा जिला प्रमुख है।
मंच पर नोंकझोंक व बहस
जिस समय बड़ीला बोल रहे थे, उस समय पूर्व संसदीय सचिव मीणा भी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। मीणा ने जैसे ही भाषण देने के बाद जाने की बात कही तो बड़ीला बीच में ही दूसरा माइक लेकर खड़े हो गए और मीणा पर आरोप लगाना शुरू कर दिया। इस बीच लोगों ने बड़ीला को समझाकर बैठाने की कोशिश की, लेकिन बार-बार वह बोलते रहे। मंच पर नोंकझोंक व बहस हुई।
चल दिए माइक फैंककर
बड़ीला के इस बर्ताव को देखकर पूर्व संसदीय सचिव ने कहा कि कुछ लोग इस मंच को सियासी अखाड़ा बनाना चाहते हैं। वह ऐसा होने नहीं देंगे। हम सरपंच के परिजनों के साथ तन मन धन से साथ खड़े है व न्याय दिलाकर रहेंगे। अगर फिर भी लोग उनको ऐसा करने नहीं देंगे तो उन्हें इस मंच की आवश्यकता भी नहीं है। यह कहने के बाद वह मंच पर माइक फैंककर चले गए। उनके जाने के बाद भी बड़ीला ने कहा कि वे सभा से भाग रहे हैं।
इनका कहना है...
इस मामले में जिला प्रशासन को आठ सूत्रीय मांगों से अवगत कराया है। साथ ही कार्रवाई की मांग की है। मंच पर जो लोग आरोप लगा रहे थे, वह चाहते हैं कि मैं अकेला प्रशासन के सामने धरने पर बैठ जाऊं, लेकिन यह काम अकेले का नहीं है। पूरी जिला परिषद, पंचायतों का मामला है। जिला परिषद की बैठक में प्रस्ताव लेकर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। सरपंचों का भी सहयोग लेंगे।
- रामकेश मीणा, पूर्व संसदीय सचिव
किरोड़ी के आश्वासन पर तोड़ा अनशन
सवाईमाधोपुर. हथड़ौली सरपंच रघुवीर मीणा की हत्या के मामले को लेकर इन्द्रा मैदान में आयोजित सभा के दौरान लालसोट विधायक डॉ.किरोड़ीलाल मीना भी पहुंचे। उन्होंने भाषण में पीडि़त पक्ष को न्याय दिलाने व मांगे पूरी कराने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने गृहमंत्री से भी वार्ता की। उन्होंने धरने पर बैठे मृतक के परिजनों व ग्रामीणों को ज्यूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। गौरतलब है कि हथड़ौली सरपंच रघुवीर मीना की हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार नहीं करने व आठ सूत्रीय मांगों को लेकर गत छह दिन से पीडि़त के परिजन व ग्रामीण कलक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे थे।
टीम आज होगी रवाना
छात्रनेता अनंत बड़ीला ने बताया कि डॉ.किरोड़ीलाल मीना के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम बुधवार सुबह दस बजे हथड़ौली पंचायत से गृहमंंत्री से वार्ता के लिए रवाना होगी।
Published on:
13 Mar 2018 09:15 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
