सवाईमाधोपुर. भौतिक सत्यापन के अभाव में नए साल में प्रदेश में 61 लाख 38 हजार 815 पेंशनर्स की पेंशन अटक सकती है। भौतिक सत्यापन कराने के लिए पेंशनर्स के पास अब महज 12 दिन बचे है। बार-बार प्रशासन की ओर से अपील किए जाने के बावजूद भी अब तक प्रदेश में केवल 32.65 फीसदी ही पेंशनर्स का पेंशन के लिए भौतिक सत्यापन हो पाया है। उधर, प्रदेश में कुल 91 लाख 14 हजार 966 पेंशनर्स है। इनमें से वर्तमान में 29 लाख 76 हजार 151 पेंशनर्स का भी भौतिक सत्यापन हो सका है, जबकि 61 लाख 38 हजार 815 पेंशनर्स का अब तक भौतिक सत्यापन नहीं हो पाया है।
प्रदेश में भौतिक सत्यापन की धीमी चाल
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत प्रदेश में पेंशनर्स के वार्षिक सत्यापन की धीमी चाल बनी है। भौतिक सत्यापन के लिए अब महज 12 दिन बचे है। लेकिन प्रदेश में अब तक 65.35 प्रतिशत लाभार्थियों का पेंशन के लिए भौतिक सत्यापन बाकी है।
सर्वाधिक झालवाड़, सबसे कम धौलपुर में भौतिक सत्यापन
पेंशनधारकों के वार्षिक भौतिक सत्यापन के तहत प्रदेश में अब तक झालावाड़ जिले में सबसे अधिक सत्यापन हुआ है। यहां अब तक 50.44 प्रतिशत लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन हुआ है। झालावाड़ में कुल 2 लाख 30 हजार 871 पेंशनर्स है। इनमें से 1 लाख 16 हजार 443 का भौतिक सत्यापन हुआ है, जबकि 1 लाख 14 हजार 428 लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन शेष है। वहीं प्रदेश में सबसे कम भौतिक सत्यापन धौलपुर जिले में 15.95 प्रतिशत हुआ है। यहां 1 लाख 55 हजार 551 पेंशनर्स है। इनमें से 24 हजार 807 पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन हुआ है, जबकि 1 लाख 30 हजार 744 का भौतिक सत्यापन होना बाकी है।
जिले की यह है स्थिति
राज्य में सवाईमाधोपुर जिले की बात कि जाए तो यहां अब तक केवल 34.5 प्रतिशत ही पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन हो पाया है। जिले में 1 लाख 62 हजार 352 पेंशनर्स है। इनमें से 56 हजार 5 पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन हो चुका है, जबकि 1 लाख 6 हजार 347 लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन होना शेष है। अब तक आधे भी लाभार्थियों ने भौतिक सत्यापन नहीं कराया है। यानि जिले में अब तक केवल 34 प्रतिशत तक ही लाभार्थियों ने सत्यापन कराया है, जबकि 66 फीसदी सत्यापन अभी अटका है। उधर, भौतिक सत्यापन नहीं कराने वाले लाभार्थियों की नए वर्ष में पेंशन अटक सकती है। भौतिक सत्यापन कराने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर तक निर्धारित है।
यूं करवा सकते है भौतिक सत्यापन
पेंशनधारकों को वार्षिक भौतिक सत्यापन कराने के लिए ई-मित्र कियोस्क, राजीव गांधी सेवा केन्द्र, ई-मित्र प्लस आदि केन्द्रों पर फिंगर प्रिंट देना होगा। अंगुली की छाप नहीं देने वाले पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन आईरिस स्कैन से भी कराया जा सकेगा। इस प्रक्रिया से किसी पेंशनर का वार्षिक भौतिक सत्यापन नहीं होने की स्थिति में पेंशनर पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी (विकास या उपखंड अधिकारी)के सामने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। अधिकारी की एसएसओ आइडी से एसएसपी पोर्टल पर संबंधित पेंशनर का पीपीओ नम्बर दर्ज करने पर उस पेंशनर के रजिस्टर्ड मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के आधार पर भौतिक सत्यापन किया जा सकेगा।
…………………………………
इनका कहना है
सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन किया जाना अनिवार्य है। 31 दिसम्बर तक भौतिक सत्यापन नहीं कराने पर पेंशनर को राशि का भुगतान किया जाना संभव नहीं होगा। भौतिक सत्यापन कराने के बाद लाभार्थियों को तीन महीने की पेंशन मिलेगी।
मीना आर्य, उपनिदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सवाईमाधोपुर