
patrika
इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
- ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ था घायल
- कोतवाली पुलिस पहुंची मौके पर
सवाईमाधोपुर. टोंक-शिवपुरी हाइवे पर बुधवार रात आठ बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने आश्रम के बाहर खड़े युवक को टक्कर मार दी। इसमें हनुमान उर्फ काडू (३५) पुत्र श्योजीदास निवासी लहसाडिय़ा उनियारा जिला टोंक गंभीर घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक के आने से पहले लोगों ने रोगी को समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगा इमरजेंसी वार्ड के बाहर हंगामा कर दिया। हंगामें को देखते हुए मौके पर कोतवाली पुलिस ने लोगों से समझाइश की, लेकिन वे नहीं माने। करीब २० मिनट बाद मौेके पर पहुंचे सर्जन ने घायल का ऑपरेशन शुरू किया। तब जाकर वे शांत हुए, लेकिन उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
यह था मामला
पुलिस ने बताया कि हनुमान परिवार के साथ बेगमपुरा मंदिर में स्थित आश्रम में आया था। इस दौरान वह आश्रम के बाहर सडक़ किनारे खड़ा था। सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उसके टक्कर मार दी। चालक मौके पर ट्रॉली को छोडक़र ट्रैक्टर को भगा ले गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी चिकित्सक डॉ नरेश बंजारा व नर्सिंगकर्मियों ने उपचार शुरू कर दिया। हादसे में घायल के गले की नस कट गई थी। ऐसे में ड्यूटी चिकित्सक ने सर्जन को कॉल कर ऑपरेशन के लिए बुला लिया। सर्जन चिकित्सक के आने में १०-१५ मिनट की देरी होने से परिजन भडक़ गए और उन्होंने हंगामा कर दिया। चिकित्सक के आने के बाद घायल का ऑपरेशन किया गया।
१०-१५ मिनट तो लगते ही है...
घायल का ड्यूटी चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ ने तुंरत उपचार शुरू कर दिया था। गले की नस कटी होने के कारण सर्जन को बुलाया था, जिन्हें आने में १०-१५ मिनट लगी थी। उनके आते ही ऑपरेशन शुरू कर दिया।
हरिमोहन जाट, जिला अस्पताल चौकी प्रभारी सवाईमाधोपुर
Published on:
15 Mar 2018, 8:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.