सवाईमाधोपुर.सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने गुरुवार को निर्माणाधीन हम्मीर ब्रिज एवं मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। वहीं जिला खेल स्टेडियम के प्रवेश द्वार का शिलान्यास किया।
सांसद ने हम्मीर ब्रिज निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान घटिया निर्माण को लेकर ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई और गुणवत्ता के साथ ब्रिज निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सांसद ने विभागीय अधिकारियों को ब्रिज निर्माण कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। हम्मीर ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद सांसद ठींगला में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान सांसद ने मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य मे ठेकेदार द्वारा बरती जा रही लापरवाही व घटिया निर्माण को लेकर नाराजगी जताई और ठेकेदार को लताड़ लगाई। सांसद ने मेडिकल कॉलेज निर्माण में पिल्लर, सेटरिंग, डीपीसी, सिमेंट ब्रिक्स आदि में लापरवाही बरतने व घटिया निर्माण करने पर नाराजगी जताई। सांसद ने कहा कि सरकार ने मेडिकल कॉलेज व हम्मीर ब्रिज के लिए भरपूर बजट दिया लेकिन सबंधित अधिकारियों की अनदेखी के चलते ठेकेदार निर्माण कार्य में कई तरह की कमियां छोड़ रहे है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। फिर भी यदि निर्माण कार्य में खामियां मिलती ह,ै तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग की योजनाओं का हो प्रचार-प्रसार
सांसद ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फार्म पौण्ड सहित कृषि विभाग की अन्य योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। नगरपरिषद को शहर के नालों की सफाई कराने पर जोर दिया। बैठक में जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला, जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना, खण्डार प्रधान नरेन्द्र चौधरी, गंगापुर सिटी प्रधान मंजू गुर्जर, चौथ का बरवाड़ा प्रधान सम्पत पहाडिय़ा, कृषि उपनिदेशक रामराज मीना आदि मौजूद थे।