गंगापुरसिटी. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के 7 व 8 जून को प्रस्तावित गंगापुर सिटी दौरे को लेकर चल रही तैयारियों के सिलसिले में मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक आलोक वशिष्ठ, जिला कलक्टर पी. सी. पवन ने प्रशासनिक लवाजमें के साथ सभा स्थल सहित सभी उन स्थानों का जायजा लिया जहां मुख्यमंत्री जाएंगी। राजकीय महाविद्यालय परिसर में बनाए जा रहे हेलीपेड स्थल का जायजा लिया। इसके बाद बामनवास विधानसभा की प्रस्तावित सभा और प्रदर्शनी के लिए निर्धारित स्थान पार्थ रिसोर्ट का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्ग को सुरक्षा मानकों पर परखा। इसके बाद सभी प्रशासनिक अधिकारी अग्रसेन रिसोर्ट पहुंचे। जहां विधानसभा क्षेत्र गंगापुर सिटी की बैठक,जन संवाद व प्रदर्शनी कार्यक्रम निर्धारित है। उन्होंने सुरक्षा बैरिकेडिंग के लिए भी पुलिस अधिकारियों को अपनी देख रेख में लगवाने के लिए निर्देशित किया। उनके साथ विधायक मानसिंह गुर्जर, पुलिस अधीक्षक मामन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा, पूर्व सभापति हरि प्रसाद बोहरा, भाजपा जिला प्रवक्ता महेन्द्र दीक्षित, पंचायत समिति सदस्य उदय गुर्जर, विधायक प्रवक्ता विनोद अटल, महामंत्री मिथलेश व्यास भी थे।