सवाईमाधोपुर. जयपुर के श्याम नगर सोडाला में मंगलवार को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर मे घुसकर दिनदहाड़े की गई निर्मम हत्या को लेकर करणी सेना सहित राजपूत व सर्व समाज के लोगों में रोष है। जिलेभर में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को करणी सेना व सर्व समाज के लोगों ने जिला मुख्यालय पर बाजार बंद रखे। वहीं विरोध-प्रदर्शन कर हत्यारों को जल्दी पकडऩे और उनको फांसी देने की मांग की।
बंद में व्यापारियों का मिला समर्थन
सर्व समाज के लोगो ने बजरिया के मुख्य बाजारों में जुलूस निकालकर दुकानें बंद रखने का आह्वान किया। इस दौरान सुबह कुछ देर के लिए व्यापारियों ने अपनी प्रतिष्ठान बंद रखे और विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए। राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सिंह खिजुरी, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह व राजपूत समाज के अध्यक्ष रघुवीर सिंह के नेतृत्व में करणी सैनिकों सहित बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग जिला मुख्यालय के बजरिया स्थित टोंक बस स्टैंड पर एकत्रित हुए। बंद के आह्वान पर बाजार में व्यापारियों ने अपनी दुकानें व प्रतिष्ठान बंद रखे। बंद को व्यापारियों सहित सर्व समाज का व्यापक समर्थन मिला।
राज्यपाल के नाम कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में सर्व समाज की ओर से निकाला गया विरोध जुलूस मुख्य बाजार से होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचा। यहां सर्व समाज के लोगो ने प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सिंह खिजुरी ने कहा कि सुखदेव सिंह गोगामड़ी की हत्या करने वाले आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर जलाया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी इस तरह का कृत्य करने की हिम्मत नहीं दिखा पाए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नही की जाती है, तब तक राजस्थान की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरूवार को देशभर के करणी सैनिक जयपुर के लिए कूच करेंगे। जब तक गोगामेड़ी के हत्यारों को सजा नही मिल जाती तब तक करणी सैनिक शांत नहीं बैठेंगे।
बाजार बंद करवाकर किया विरोध प्रदर्शन
बाटोदा. राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर की गई हत्या के विरोध में बुधवार को यहां बरनाला तहसील क्षेत्र के राजपूत समाज ने कस्बे के बाजार को बंद करवाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राजपूत एवं सर्व समाज के लोगों ने कस्बे में स्थित शीतला माता हथाई पर बैठक कर विरोध प्रदर्शन किया एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन तैयार कर बामनवास तहसीलदार पुरुषोत्तम लाल को सौंपा। ज्ञापन में अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने, परिवार को संरक्षा व सुरक्षा प्रदान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार बड़ा आन्दोलन किया जाएगा। बाटोदा, मोरपा,नाननवास,बाढ पनियाला,जीवद,भावड़ आदि गांवों से आए राजपूत समाज के लोगों के आह्वान पर यहां व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। बैठक के बाद उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। तहसीलदार पुरुषोत्तम लाल व बामनवास पंचायत समिति के विकास अधिकारी डॉ जगदीश गुर्जर ने बाटोदा पहुंचकर ज्ञापन लिया।