सवाईमाधोपुर. जनसभा के बाद परिवतर्न संकल्प यात्रा रथ का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। दशहरा मैदान से रवाना होते ही लोगों ने फूल बरसाए। वहीं कोटा-लालसोट मेगा हाइवे पर नीलकण्ठ महादेव मंदिर के पास स्वागत के लिए मंच तैयार किया। यहां सडक़ मार्ग के दोनों ओर जेसीबी के पलड़े में चढकऱ लोगों ने परिवर्तन संकल्प यात्रा रथ का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
दिनभर जाम के बने रहे हालात
बार-बार जाम के हालात, जगह-जगह पुलिस जाप्ता, सिर पर टोपी व हाथों में झंडे लेकर जनसभा में पहुंचने की उत्सुकता। कुछ ऐसा ही नजर शनिवार को जिला मुख्यालय पर दशहरा मैदान में हुई परिवर्तन संकल्प यात्रा में देखने को मिला। भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान कई नजारे देखने को मिले।
सर्किल से पैदल पहुंचे लोग
शहर, बजरिया व रणथम्भौर रोड से दशहरा मैदान की ओर आने वाले वाहनों को यातायात पुलिस ने रणथम्भौर पर ही रोक लिया। ऐसे में लोग वाहनों को इधर-उधर ही खड़ा कर पैदल ही दशहरा मैदान में जनसभा में पहुंचे। इस दौरान सिर पर टोपी व हाथों में झंडिया लेकर पहुंचे। जनसभा के दौरान चकेरी से लोग नाचते-गाते व नगाड़े बजाते हुए दशहरा मैदान पहुंचे।
सेल्फी लेने की मची रही होड़
दशहरा मैदान में जनसभा के दौरान महिला-पुरूषों व युवाओं में सेल्फी लेने की होड़ मची रही। यहां मुख्य मंच के सामने पाण्डाल में बैठी महिलाओं ने पहले ग्रुप के साथ फोटो खिचवाएं। बाद में स्वंय ही सेल्फी लेती दिखाई दी। इसी प्रकार युवा भी जनसभा से पहले कभी मंच के सामने तो कभी पाण्डाल में ग्रुप फोटो व सेल्फी लेते नजर आए।
दिनभर व्यवस्थाओं में जुटे रहे पुलिसकर्मी
जनसभा के दौरान सुबह से पुलिसकर्मी व्यवस्थाओं में जुटे रहे। बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशू शर्मा भी जनसभा के दौरान लगातार मॉनिटरिंग करते दिखे। वहीं शहर पुलिस उपाधीक्षक राजवीरसिंह भी मंच पर पुलिस जाप्ते के साथ तैनात रहे। ऐसे में जनसभा स्थल के चहुंओर ओर पुलिस जाप्ता नजर आया। इसी प्रकार दशहरा मैदान के बाहर भी पुलिसकर्मी मुस्तैद दिखे।