
railway houses
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय की रेलवे कॉलोनी स्थित कई आवासों को रेलवे ने नीलाम कर दिया है। रेलवे की ओर से गत दिनों रेलवे कॉलोनी में जर्जर हालात में हो रहे रेलवे आवासों की एक निजी फर्म को ढहाने के आदेश जारी किए हैं। अब निजी फर्म की ओर से जर्जर अवासों को ढहाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
नौ आवास ढहाएंगे
रेलवे की ओर से फिलहाल रेलवे कॉलोनी के नौ जर्जर आवासों को ढहाने के निर्देश जारी किए हैं। हालांकि रेलवे की ओर से करीब दो माह पूर्व रेलवे आवासों की मरम्मत के लिए करीब 50 लाख का बजट जारी किया गया है लेकिन रेलवे कॉलोनी के नौ आवास अत्याधिक जर्जर हाल में थे ऐसे में इनकी मरम्मत संभव नहीं थी। रेलवे की ओर से इन आवासों को पचास हजार रु पए में ढहाने के निर्देश दिए गए है।
सवाईमाधोपुर में 500 रेलवे आवास
सवाईमाधोपुर की रेलवे कॉलोनी में सभी श्रेणियों को मिलाकर करीब 500 रेलवे आवास है। इसमें से करीब 150 से अधिक आवास क्षतिग्रस्त है जिनकी मरम्मत के लिए विभिन्न यूनियनों की ओर से समय- समय पा मांग की जाती रही है।
तीन श्रेणियोंं के हैं आवास
सवाईमाधोपुर की रेलवे कॉलोनी में रेलवे के टाइप वन, टाइप टू व टाइप थ्री तीनों श्रेणियों के रेलवे आवास है।इसके अतिरिक्त कई आवास सेमी टाइप वन के भी आवास है। जिन आवासों की नीलामी की गई है वे सभी टाइप वन के रेलवे आवास है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब फिर से नए आवास बनाने की कवायद शुरू की जाएगी।
इसलिए ढहाए जा रहे
रेलवे की ओर से इन आवासों को बहुत पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है। वहीं इन आवासों की अब मरम्मत भी नहीं कराई जा सकती है। जर्जर आवास लम्बे समय के वीरान पड़े हैं। ऐसे में रात के समय में इन आवासों में संदिग्ध गतिविधियों का संचालन होने की आशंका रहती है ऐसे में रेलवे ने ही इन्हें ढहाने का फैंसला लिया है।
इनका कहना है....
रेलवे की ओर से रेलवे कॉलोनी के नौ जर्जर आवास को ढहाने का फैंसला लिया है। अब निजी फर्म की ओर से इन्हें गिराने की कार्रवाई की जा रही है।
- शिवलाल मीणा, स्टेशन अधीक्षक, सवाईमाधेापुर।
Published on:
14 Jan 2019 12:44 pm
