सवाईमाधोपुर. जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने शनिवार को राजकीय सामान्य चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने सामान्य चिकित्सालय के आउटडोर, मेडिकल वार्ड, महिला एवं शिशु वार्ड केन्द्र का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला अस्पतााल के पीएमओ डॉ. बाबूलाल मीणा को चिकित्सालय की नियमित सफाई करवाकर चिकित्सालय परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने,गर्मी के मौसम को देखते हुए मरीजों के परिजनों के लिए छाया व पेयजल का समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों से मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा व जांच योजना की जानकारी ली।
इसलिए पहुंचे कलक्टर अस्पताल
जिला कलक्टर को अस्पताल कार्मिकों की ओर से मरीजों की जांच की एवज में अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थी। ऐसे में उन्होंने मरीज एवं उनके परिजनों से संवाद कर चिकित्सालय के कार्मिकों द्वारा अनावश्यक रूप से जांच के नाम पर अवैध वसूली करने के संबंध में जानकारी ली। हालांकि इस दौरान दवाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लेने की जानकारी मिली। जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीना को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक पंजीकरण कराने तथा मरीजों को इस योजना का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए।
सफाई ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश
जिला कलक्टर ने पीएमओ को चिकित्सालय परिसर के पार्क और पार्क के बाहर परिसर में गंदगी देखकर सफाई ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सालय परिसर स्थित पार्क को विकसित करवाने के निर्देश भी दिए। व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।