सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर में वन्यजीवों के शिकार की वारदातों में तो लगातार इजाफा हो ही रहा है। वहीं अब जिले के साथ- साथ पड़ौसी जिलों व राज्यों के शिकारियों की नजरे भी रणथम्भौर पर जमी हुई है। मंगलवार को सामाजिक वानिकी केअधीन आने वाले सारसोप वन क्षेत्र में चौथका बरवाड़ा पुलिस ने नीलगाय का शिकार करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से चार पड़ौसी जिले टोंक व एक आरोपी कोटा जिले का रहने वाला है। ऐसे में अब वन विभाग की टीम आरोपियों से उनके अन्य जिलों व सवाईमाधोपुर जिले में अन्य साथियों व परिचितों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। हालांकि अब तक वन विभाग की ओर से इस संबंध में पुष्टि नहीं की गई है।
सीमाएं नजदीक होने के कारण आसानी से पहुंच जाते हैं रणथम्भौर
पुलिस ने बताया कि सवाईमाधोपुर जिले की सीमा टोंक, बूंदी, कोटा आदि कई जिलों से लगती है। ऐसे में इन जिलों की सवाईमाधोपुर से दूरी भी अधिक नहीं है। ऐसे में शिकारी आसानी से वन्यजीवों का शिकार करने के लिए जिले में पहुंच जाते हैं और फिर रणथम्भौर में वन्यजीवों के शिकार की वारदात को अंजाम देकर आसानी से वापसअपने जिलों में लौट जाते हैं।
परिचितों के घरों पर डालते हैं डेरा
वन्यजीवों का शिकार करने के लिए शिकारी टोंक, कोटा, बूंदी आदि जिलों के साथ-साथ मध्यप्रदेश के श्योपुर व अन्य जिलों से भी सवाईमाधोपुर के रणथम्भौर आते हैं फिर ये लोग रणथम्भौर बाघ परियोजना के आसपास स्थित गांवों में अपने परिचितों के घरों पर पडाव डालते है और फिर मौका मिलने पर वन क्षेत्र में जाकर शिकार की वारदात को अंजाम देते हैं।
जाति विशेष के लोग अधिक सक्रिय
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वन्यजीवों के शिकार की वारदातों में एक जाति विशेष के लोग अधिक सक्रिय रहते हैं। ये लोग जंगल में वन्यजीवों का शिकार मांस को खाने के लिए करते हैं।इसके अलावा हाइवों पर स्थित ढाबों पर भी ये लोग औने पौने दामों में वन्यजीव का मांस बेच देते हैं।
आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
रणथम्भौर बाघ परियोजना के सामजिक वानिकी के अधीन आने वाले सारसोप वन क्षेत्र में नीलगायों का शिकार करने के आरोपियों को बुधवार को चौथ का बरवाड़ा के एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वहां पर सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। सामाजिक वानिकी के रेंजर दीपक शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से एक थार जीप के अतिरिक्त हथियारों को एक जखीरा भी जप्त किया गया है।