सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में हाल ही पर्यटकों को जंगल के राजा का शाही अंदाज देखने को मिला।दरअसल रविवार सुबह की पारी में पार्क भ्रमण पर गए पर्यटकों को जोन पांच में बाघ टी-121 के दीदार हुए। बाघ ने जोन पांच में काफी देर तक ट्य़ूरिस्ट ट्रैक पर स्वछंद विचरण किया। बाघ का शाही अंदाज देखने के लिए बाघ के पीछे-पीछे कई पर्यटन वाहन काफी दूर तक चलते रहे। बाघ का इस तरह का अंदाज देखकर पर्यटक गदगद हो गए। पर्यटकों ने इस नजारे को कैमरे में कैद किया। यह वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियों को लागों द्वारा खासा पसंद किया जा रहा है। इस वीडियों को अब तक कई लोगों ने अपने सोशल मीडिया, वाह्टएप स्टेटस पर भी शेयर किया है।
कम होती है इस तरह की साइटिंग
रणथम्भौर में पर्यटन से जुड़े लोगों का कहना है कि रणथम्भौर में यूं तो आए दिन पर्यटकों को बाघ -बाघिनों के दीदार होते रहते है। लेकिन इस तरह की स्पष्ट साइटिंग काफी कम होती है। ऐसे मौके जंगल में कम ही देखने को मिलते है जब बाघ बाघिन ट्य़ूरिस्ट ट्रैक इतनी लम्बी देर तक वॉक करते है। हालांकि इस दौरान बाघ के पीछे कई जिप्सी व अन्य पर्यटन वाहन नजर आ रहे है लेकिन पर्यटन वाहनों की ओर से बाघ के विचरण में किसी भी प्रकार का खलल पैदा नहीं किया गया। और पर्यटकों ने काफी देर तक बाघ के मूवमेंट को निहारा और लुत्फ उठाया। वहीं गर्मी के दिनों में भी इस तरह से बाघ बाघिनों की साइटिंग होना जंगल में कम ही होता है।