सवाईमाधोपुर. जिले में इस बार कम बारिश होने से चना व सरसों की बुवाई जोर पकड़ेगी। हालांकि अब तक कृषि विभाग के लक्ष्य की तुलना में सरसों की 1 लाख 60 हजार हैक्टेयर एवं चना की 25 हजार हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी है। गौरतलब है कि जिले में इस बार 1 लाख 90 हजार हैक्टेयर में सरसों एवं 20 हजार हैक्टेयर में चना की बुवाई का लक्ष्य रखा है।
चना की पांच हजार हैक्टेयर में अधिक हुई बुवाई
कृषि विभाग की ओर से इस बार जिले में चना बुवाई का लक्ष्य 20 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में रखा गया है लेकिन अब तक जिले में 25 हजार हैक्टेयर में चना की बुवाई हो चुकी है। वहीं आगामी दिनों में चने की बुवाई का आंकड़ा करीब 35 हजार हैक्टेयर तक पहुंच जाएगा।
सरसों की अभी 30 हजार हैक्टेयर में बुवाई शेष
कम बारिश के चलते इस बार किसानों का रूझान सरसों की बुवाई में ज्यादा है। ऐसे में अब तक जिले में 1 लाख 60 हजार हैक्टेयर में सरसों की बुवाई हो चुकी है, जबकि तीन हजार हैक्टेयर क्षेत्र में अभी और बुवाई होगी। ऐसे में इस बार जिले में कुल 1 लाख 90 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में सरसों की बुवाई होनी है।
खेत कर लिए तैयार
जिले के कई किसानों ने रबी बुवाई को लेकर खेत हकाई-जुताई कर तैयार कर लिए है लेकिन खाद के अभाव व बदले मौसम के चलते बुवाई नहीं कर पा रहे है। कृषि विभाग ने इस बार रबी की बुवाई का लक्ष्य 3 लाख हैक्टेयर में बढ़ाया है। विभाग ने 2 लाख हैक्टेयर के लक्ष्य को बढ़ाकर अब 3 लाख हैक्टेयर में किया है।
जिले में खाद की यह है स्थिति
कृषि विभाग की माने तो जिले में रबी की बुवाई के लिए वर्तमान में पर्याप्त खाद उपलब्ध है। वर्तमान में यूरिया 17 हजार मीट्रिक टन, डीएपी 2 हजार मीट्रिक टन एवं सिंगल सुपर फॉस्फेट 6 हजार मीट्रिक टन उपलब्ध है।
इनका कहना है
जिले में कम बारिश से इस बार सरसों व चने की बुवाई अधिक होगी। अब तक सरसों की 1.60 लाख हैक्टेयर व चना की 25 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई है। रबी की फसल के लिए वर्तमान में पर्याप्त खाद उपलब्ध है।
रामराज मीणा, उपनिदेशक, कृषि विस्तार सवाईमाधोपुर