12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सवाई माधोपुर

रणथम्भौर की बाघिन ने रामगढ़ में दी खुशखबरी

रामगढ़ में गूंजी शावकों की किलकारी बाघिन टी-102 यानि आवीटीआर टू ने दिया शावकों को जन्म

Google source verification

सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर की बाघिन ने एक बार फिर प्रदेश के अन्य टाइगर रिजर्व को बाघों से आबाद किया है। दरअस्ल 19 जुलाई 2022 को रणथम्भौर के आमाघाटी वन क्षेत्र से बूंदी के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में शिफ्ट की गई बाघिन टी-102 यानि आरवीटीआर ने रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बाघिन के साथ अभी दो शावक नजर आए हैं। शावकों की उम्र करीब डेढ़ से दो माह के आसपास बताई जा रही है। हालांकि फिल्हाल इस संबंध में वन अधिकारियों की ओर से स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं की गई है। वन अधिकारियों का कहना है कि अब तक बाघिन शावकों के साथ कैमरे में कैद नहीं हुई है। ऐसे में अभी शावकों को जन्म देने की बात को पुख्ता रूप से नहीं कहा जा सकता है। हालांकि सूत्रों की माने तो बाघिन के साथ दो शावक नजर आ रहे है और वन विभाग की ओर से बाघिन की लगातार मॉनिटरिंग कराई जा रही है।
रामगढ़ मंदिर के पास है मूवमेंट
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में बाघिन का मूवमेंट जैतपुर रेंज के रामगढ़ मंदिर वन क्षेत्र में बताया जा रहा है। बाघिन के गले मेें लगे रेडियो कॉलर से भी वन विभाग को बाघिन के साथ शावकों के विचरण करने के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों की माने तो वन विभाग की ओर से शावकों की सुरक्षा के मद्देनजर अभी तक शावकों के जन्म की पुष्टि नहीं की जा रही है।
गाय का किया था शिकार
जानकारी के अनुसार बाघिन ने गत दिनों वन क्षेत्र में गई एक पालतू गाय का शिकार भी किया था। गाय के साथ एक श्वान भी वन क्षेत्र में गया था तो बाघिन ने श्वान का भी शिकार कर लिया था। सूत्रों की माने तो ग्रामीणों को भी वन क्षेत्र की सीमा पर बाघिन शावकों के साथ नजर आई है।
ये है बाघिन टी-102 का इतिहास
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बाघिन टी-102 बाघिन टी-73 की बेटी है। और बाघिन की उम्र करीब 8 साल है। बाघिन अब तक एक बार मां बन चुकी है। बाघिन ने करीब डेढ़साल पहले चार शावकों को जन्म दिया था। हालांकि बाद में एक शावक की मौत हो गई थी।
मछली की बेटी सुंदरी की बेटी की है संतान
मछली की बेटी टी-17 यानि सुंदरी ने 29 जून 2012 को तीन शावकों को जन्म दिया था। इनमें दो मेल और एक फीमेल शावक थी। मादा शावक को वन विभाग की ओर से टी.73 नाम दिया गया था। वहीं बाघिन टी-102 बाघिन टी-73 की संतान है।
इनका कहना है…
बाघिन के शावकों को जन्म देने के आसार है लेकिन अभी तक बाघिन शावकों के साथ फोटो ट्रैप कैमरे में कैद नहीं हुई है। बाघिन की शावकों के साथ फोटो आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
– संजीव शर्मा, उपवन संरक्षक, रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व, बूंदी।