
बामनवास. क्षेत्र में शुक्रवार शाम को आए अंधड़ और बारिश के साथ गिरे ओलों ने आखातीज पर आयोजित विवाह आयोजनों में विघ्न पैदा कर दिया। विवाह स्थलों पर लगाए गए पाण्डाल आंधी से अस्त-व्यस्त हो गए और चारों ओर धूल बिखर गई। रसोई के सामान में मिट्टी भर गई। कई पेड़ टूटे तो छप्परपोश व दुकान-मकानों पर लगे टीन भी उड़ गए। आंधी का ज्यादा असर खेड़ली गांव में दिखा। यहां हाइवे के निकट स्थापित जलदाय विभाग के आरओ प्लांट की छत अंधड़ से उड़कर दूर जाकर गिरी। इस दौरान पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
अंधड़ के थमने पर लोगों ने आरओ प्लांट की छत के बिखरे चद्दरों के टुकड़ों को एक जगह एकत्र किया। आरओ प्लांट का संचालन करने वाली कंपनी को इससे हजारों रुपए का नुकसान हो गया। साथ ही कुछ दिनों तक गांव की जलापूर्ति भी प्रभावित रहेगी। गौरतलब है कि आरओ संयंत्र के लिए प्लाइवुड का हाउस तैयार किया जाता है। इसमें अंदर मशीन तथा पानी की टंकी रहती है। अंधड़ ने इस आरओ प्लांट को बिखेर डाला।
ग्रामीणों ने बताया कि शाम को करीब 4 बजे अंधड़ के साथ गांव में चने के आकार के ओले भी गिरे। इससे शादी वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।
Published on:
28 Apr 2017 06:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
