सवाईमाधोपुर. आवासन मण्डल स्थित राधा गोविंद मंदिर से सोमवार को बैझउबाजों के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा मंदिर से शुरू होकर कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से होकर हनुमान नगर के अग्रसेन सदन पहुंचकर सम्पन्न हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं व अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन गाती हुई चलती नजर आई। इसके बाद अग्रसेन सदन में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा शुरू हूई। पहले दिन कथा वाचक अच्युतानंद सरस्वती ने भागवत श्रवण के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि निर्मल भाव से भागवत का श्रवण करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंगलवार को दोपहर दो बजे से कथा वाचन होगा। इसमें कथा वाचक परिक्षित शुक सवांद के प्रसंग का बखान करेंगे। इसी प्रकार बुधवार को सखी चरित्र धु्रव चरित्र आदि प्रसंगों की कथा का वाचन किया जाएगा।
गंगा मैया के जयकारों से गूंजी गलियां
इससे पहले कलश यात्रा के दौरान आवासन मण्डल कॉलोनी की गलियां गंगा मैया के जयकारों से गूंज उठी। कलश यात्रा में महिलाएं और अन्य श्रद्धालु मार्ग में गंगा मैया के जयकारे लगाते नजर आए। इससे कॉलोनी का माहौल धर्ममय और भक्तिमय हो गया। इतना ही नहीं मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन भी किया गया। कलश यात्रा के दौरान मार्ग में श्रद्धालु भी भजनों पर नृत्य करते नजर आए। साथ ही कथा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आयोजकों की ओर से जलपान आदि के भी व्याप्क प्रबंध किए गए।