19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा सांसद गुमशुदा, कांग्रेस ने पुलिस से लगाई खोजने की गुहार

इछावर में विदिशा सांसद भार्गव के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, बोले- विकास की राहत देख रही जनता

2 min read
Google source verification
भाजपा सांसद गुमशुदा, कांग्रेस ने पुलिस से लगाई खोजने की गुहार

भाजपा सांसद गुमशुदा, कांग्रेस ने पुलिस से लगाई खोजने की गुहार

सीहोर. इछावर में कांग्रेस ने भाजपा सांसद रमाकांत भार्गव को गुमशुदा बताते हुए पुलिस से उन्हें खोजने की गुहार लगाई है। इछावर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर बताया कि लोकसभा चुनाव में जीतने के बाद से सांसद भार्गव उन्हें दिखाई नहीं दिए हैं। विधानसभा क्षेत्र इछावर की जनता विकास की राह देख रही है। पुलिस से गुहार लगाई है कि सांसद को खोजकर लाए।

दरअसल, इछावर और बुदनी विधानसभा क्षेत्र विदिशा संसदीय क्षेत्र में आते हैं। यहां से रमाकांत भार्गव सांसद हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इछावर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद भाजपा सांसद रमाकांत भार्गव इछावर नहीं आए हैं। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सांसद भार्गव के इस रवैए को लेकर नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे और सांसद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए थाना प्रभारी उषा मरावी के नाम ज्ञापन दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया की 2019 लोकसभा चुनाव जीतने के बाद सांसद भार्गव जनता के बीच नहीं आए हैं, जिससे क्षेत्र की जनता सांसद को तलाश रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सांसद विधानसभा क्षेत्र इछावर के साथ भेदभाव कर रहे हैं, यहां पर विकास का पहिया थम गया है। थाना प्रभारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुहार लगाई है कि क्षेत्र की जनता सांसद के दर्शन करना चाहती है, विदिशा संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा आती हैं, जिसमें एक इछावर भी है, जो लगातार ही विकास की राह देख रही है।

विधानसभा क्षेत्र में थम गया विकास का पहिया
कांग्रेस नेता बृजेश पटेल ने बताया कि इछावर विधानसभा क्षेत्र से सांसद भार्गव करीब 38 हजार वोट से चुनाव जीते, लेकिन चुनाव जीतने के बाद एक भी बार वह जनता के बीच नहीं गए हैं। इछावर विधानसभा क्षेत्र की सडक़ों की हालत खराब है। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। सांसद का जनता से कोई संपर्क नहीं है, ऐसे में लोग अपनी समस्याएं लेकर किसके पास जाएं। कांग्रेस ने जनता की भावना को समझते हुए इछावर थाने में सांसद भार्गव की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि वह सांसद को खोजकर लाए, जिससे जनता उनके दर्शन कर सके, लोग अपनी पीड़ा सांसद को सुना सकें। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस इस आवेदन पर कार्रवाई नहीं करती है तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

आठ महीने बाद भाजपा को भुगतना पड़ेगा खामियाजा
कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के दौरान गुमशुदा सांसद लिखी तख्तियां हाथ में लिए थे। कांग्रेस नेता हरगोविंद दरबार, पार्षद राधेश्याम, बलवान पटेल ने कहा कि भाजपा नेताओं के इस रवैए का खामियाजा भाजपा को 8 महीने बाद विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। यह क्षेत्र की जनता के विश्वास के साथ धोखा है। जनता का वोट लेकर इस तरह से दूरी बनाना अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच ही नहीं रहेंगे तो उनकी शिकायत और समस्याएं कौन सुनेगा। इछावर विधानसभा का विकास पूरी तरह से ठप हो गया है।