
अपने गांव, माटी को नहीं भूलें, वर्ष में एक बार अवश्य जाए : मुख्यमंत्री
सीहोर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को बुदनी विधानसभा के खितवाई और जैत पहुंचकर नर्मदा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। खितवई में मुख्यमंत्री ने श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ के समापन कार्यक्रम में भाग लिया। नर्मदा जयंती को लेकर कहा कि मां नर्मदा ही प्रदेश के विकास की धुरी है। प्रदेश में सिंचाई, पेयजल, बिजली सभी कार्य उनकी कृपा से बने रहें। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता की सेवा करता रहूं, इतना सामर्थ बनाए रखना।
नर्मदा मैया से 45 लाख हेक्टेयर जमीन सिंचित की। पहले खितवई में दुधाराज महाराज प्रात: काल जल एकत्रित कर लाते थे और ग्रामवासियों को वितरित करते थे, लेकिन आज नर्मदा मैया की कृपा से गांव-गांव नल लग गए, नर्मदा मैया का पानी घर में भी पहुंचने लगा है। उन्होंने कहा कि आप लोग कह रहे थे कि भैया आना ही है। तुमने पुकारा और हम चले आए कहां जाएंगे प्रेम के तो भूखे हैं। उन्होंने कहा कि नर्मदा मैया से एक ही प्रार्थना है कि लोगों के दु:ख दर्द दूर कर सकें। मैया इतनी ताकत देना... इतनी श्क्ति देना... विकास हो, जनकल्याण हो।
जन्म-भूमि का कर्ज उतारना सबका कर्तव्य
जैत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जन्म-भूमि का कर्ज उतारना हम सबका कर्तव्य है। अपने गांव, अपनी माटी को नहीं भूलें। वर्ष में एक बार अपने गांव अवश्य जाए। मैं परिवार सहित अपने गांव का गौरव दिवस मनाने आया हूं। इसका संदेश यह है कि जब एक मुख्यमंत्री यह कर सकता है, तो आप क्यों नहीं कर सकते। जैत में प्रतिभाओं का सम्मान किया, मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। साथ ही गांव वालों को नशामुक्ति, पेड़ लगाने, बेटियों का सम्मान करने, अपने गांव को स्वच्छ और सुन्दर बनाने तथा बिजली, पानी बचाने का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की बहनों को आजीविका एक्सप्रेस और लैपटॉप प्रदान किए। उन्होंने गौरव दिवस के उपलक्ष्य में हुई नौका दौड़ सहित अन्य खेल गतिविधियों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज ग्राम जैत के गौरव दिवस समरोह में बाहर से आए सभी व्यक्ति हमारे मेहमान हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। गांव में कम्पोजिट पंचायत भवन बनाया जाएगा, जिसमें स्व-सहायता समूह की बहनों को बैठने के लिए स्थान, रूरल मार्ट, एटीएम, बीसी कक्ष आदि होंगे। उन्होंने जैत में स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूह से महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है हर बहन की आमदनी कम से कम 10 हजार रुपए प्रतिमाह हो। गौरव दिवस समारोह को सांसद रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया।
मां नर्मदा और खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा, देखी नौका प्रतियोगिता
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नर्मदा जयंती के अवसर पर अपने गृह ग्राम जैत पहुंचे। यहां पहुचने पर ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। सर्वप्रथम उन्होंने खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने जैत गांव के जन्मदिन को गौरव दिवस के रूप में मनाया। मुख्यमंत्री के साथ धर्मपत्नी साधना सिंह भी थीं। मुख्यमंत्री ने पत्नीसाधना सिंह के साथ ग्राम जैत में मां शारदा स्वसहायता समूह को ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस की चाबी सौंपकर उसका शुभारंभ किया। यह वाहन 6 लाख 30 हजार रुपए की राशि से क्रय किया गया है। यह ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस वाहन डोबी, सरदारनगर, जैत, आमोन, खितवई तथा बकतरा के आंतरिक मार्ग से ग्रामीण यात्रियों को लाने एवं लेजाने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं साधना सिंह ने नर्मदा जयंती के अवसर पर ग्राम जैत पहुचकर मां नर्मदा की आरती और पूजन अर्चन किया। इसके पश्चात उन्होंने नौका प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया। प्रतियोगिता में 11 नौकाओं में 22 लोग शामिल हुए। नौका दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर राहुल एवं रवि केवट 31 हजार रुपए की राशि एवं शील्ड, दूसरा स्थान प्राप्त करने पर प्रीतम कहार को 21 हजार रुपए एवं शील्ड तथा तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने पर बाली एवं बसंत को 11 हजार रुपए की राशि प्रदान की।
Published on:
29 Jan 2023 11:30 am
बड़ी खबरें
View Allसीहोर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
