सीहोर। राशन लेने की राह में सर्वर डाउन रोड़ा बन गया है।जुलाई का आधा महीना बीतने पर भी खाद्यान्न वितरण का काम शुरु नहीं हो सका है।उपभोक्ता प्रतिदिन राशन दुकानों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन मायूस लौट रहे हैं।जिन गरीबों का इससे चूल्हा जलता है, उनके सामने ज्यादा दिक्कत खड़ी हो गई है।बावजूद समस्या अब तक दूर नहीं हो पाई है।
इस बार प्याज खरीदी का काम चलने से जुलाई महीने का खाद्यान्न राशन दुकान तक पहुंचने में देरी हो गई। अब जब दुकान पर खाद्यान्न पहुंचा तो डाउन सर्वर ने समस्या खड़ी कर दी है। सर्वर काम नहीं करने से इसके वितरण का काम शुरु नहीं हो रहा है।इधर शहर के कई सैल्समेन भी दुकान की शटर पर सर्वर डाउन होने से खाद्यान्न वितरण नहीं होगा का पंपलेट चस्पाकर उसे खोलना मुनासिब नहीं समझ रहे हंै।जब उपभोक्ता दुकानों पर पहुंचते हैं तो बंद होने से जवाब नहीं मिल पाता है।आसपास से पता करते हैं तो उनसे भी स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाता है ।हताश होकर लौट आते हैं।ऐसा करते हुए दो सप्ताह हो गए हैं, लेकिन कुछ नहीं हो सका है।
शकर की मिठास हुई दूर
खाद्यान्न में शकर की मिठास दूर हो गई है।पिछले तीन चार महीने से लोगों को खाद्यान्न में शकर को छोड़ अन्य सामग्री बांटी जा रही है।उपभोक्ताओं ने बताया कि शकर देने का कहते हैं तो आगे से नहीं आने की बात कहकर टाल दिया जाता है।बाजार से शकर खरीदना पड़ रही है।बता दें कि लंबें समय से राशन के साथ शकर भी दी जाती है, लेकिन अब नहीं दी जा रही है।
पौने दो लाख उपभोक्ता के सामने दिक्कत
जिले में करीब पौने दो लाख उपभोक्ता सरकारी राशन पर निर्भर हैं। गरीब लोगों के सामने यह नौबत आ गई किचूल्हा जलाना मुश्किल भरा साबित हो गया है।कई को मजबूरी में बाजार से राशन खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है।अभी पता नहीं कि कब राशन वितरण का काम शुरु होगा।सीहोर नगर की दुकानों पर भी प्रतिदिन लोग पहुंच रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने कहा, दो सप्ताह हो गए हैं, लेकिन अब तक राशन नहीं मिला है
दो सप्ताह हो गए हैं, लेकिन अब तक राशन नहीं मिला है। राशन लेने की जानकारी लेने जाते हैं तो कई बार दुकान बंद रहती है। उस समय ज्यादा समस्या खड़ी हो जाती है। मो.नवाब, निवासी वार्ड-27 पल्टन एरिया
तीन चार महीने से शकर नहीं मिली है। इसे देने की बात कहते हैं तो कंट्रोल वाले नहीं आने की बात कह देेते हैं।अभी बाजार से लेकर काम चला रहे हैं। पता नहीं आगे मिलेगी या नहीं। अमर सिंह विश्वकर्मा, निवासी वार्ड 25 श्रीराम कॉलोनी
राशन दुकान से मिलने वाले खाद्यान्न से काम चलाते हैं।अभी स्थिति यह हो गई कि खाद्यान्न नहीं मिलने से चूल्हा जलाना मुश्किल हो रहा है।पता नहीं कब राशन मिलेगा। तरुण विश्वकर्मा, निवासी, वार्ड 6 हरदौल लाला मंदिर
राशन वितरण में देरी को लेकर सैल्समेन से जानकारी लेने जाते हैं तो स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाता है। समय पर राशन नहीं मिलेगा तो परिवार का पालन पोषण कैसे होगा। महेश कुशवाह, निवासी वार्ड 6 इंग्लिशपुरा
अधिकारी बोले राशन दुकानों पर खाद्यान्न पहुंच चुका है। सर्वर डाउन होनेे के कारण इसका वितरण नहीं हो पा रहा है।
राशन दुकानों पर खाद्यान्न पहुंच चुका है। सर्वर डाउन होनेे के कारण इसका वितरण नहीं हो पा रहा है।सर्वर चालू होते ही वितरण काम शुरु कर दिया जाएगा।हमारी तरफ से उच्च अधिकारियों को कराया था। जीएस रघुवंशी, खाद्य अधिकारी सीहोर