
Big accident: सिवनी के छपारा थाना क्षेत्र के बंजारी घाटी में नेशनल हाईवे 44 (National Highway 44) पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक के बाद एक कई हादसे हुए। जिसमें लगभग एक दर्जन यात्री घायल हुए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर दो घंटे जाम लगा रहा। सोमवार देर रात बंजारी घाटी के पास एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। जिसके बाद एक के बाद एक तीन वाहन भीड़ गए। इसमें लगभग आधा दर्जन यात्री घायल हुए। कुछ देर बाद इसी जगह पर एक बेकाबू पिकअप वाहन ने कार को टक्कर मारी जो ट्राले में जाकर घुस गई।
इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे में 2 किलोमीटर का जाम लग गया. पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मंगलवार सुबह 5 बजे कन्याकुमारी से प्रयागराज जा रही यात्री बस बंजारी घाटी के पास खड़े ट्रक में घुस गई। जिसमें सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। जिन्हें मौके से छपारा अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया है. जहां सभी का इलाज चल रहा है। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी बताए जा रहे है। सभी तीर्थ धाम यात्रा पर निकले थे।