सिवनी. भाजपा सरकार की विकास यात्रा को कांग्रेस ने निकास यात्रा का नाम देते हुए प्रदेश सरकार सहित सांसद व विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने प्रेसवार्ता में कहा कि जिले में कोई ऐसा काम सांसद और सिवनी विधायक के रहते नहीं हुआ है, जिसको वे विकास बता सकें। उन्होंने हमेशा गांव-गांव में बनाए सभामंच, सड़क, नाली को ही विकास की सौगात बताया है।
खुराना ने कहा कि भाजपा का नारा है झूठ बोलो, बार-बार बोलो और जोर से बोलो, ताकि झूठ भी सही लगने लगे। सांसद और सिवनी विधायक की सक्रियता पर सवाल उठाते कहा कि रेलवे में पिछले आठ साल से मेगा ब्लॉक लगा हुआ है। इतना लम्बा ब्लॉक कहीं नहीं रहा है। इतने समय के बाद भी रेल कब चलेगी, ये भाजपा के जनप्रतिनिधि नहीं बता पा रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा की हवाई अड्डे से हुई गिरफ्तारी की निंदा करते कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने इसे सरकार की मनमानी कार्रवाई बताया।
खुराना ने सिवनी विधायक राय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सिवनी में २७२ करोड़ की मेडिकल परियोजना चार साल से अधर में है, अब तक महज ३२ करोड़ ही मिले हैं। पेंच परियोजना से बनी नहरों में गड़बड़ी हुई है। एक ही पानी में नहर धसक रही है। खुराना ने कहा कि दिनेश राय जब निर्दलीय विधायक बने थे, तब कहते थे कि सरकार में नहीं हैं, इसलिए काम नहीं हो पा रहे। जब दिनेश राय भाजपा में शामिल हुए तो कहने लगे कि अधिकारी भ्रष्ट हैं, इसलिए कोई काम नहीं हो रहा है। हर बार सिवनी विधायक चुनाव के पहले जनता को भ्रमित कर अपनी गलतियों को छिपाते हैं।
खुराना ने कहा कि सरकार ने पहले शराब की दुकानें और अहाते खोल दिए। फिर कह दिया कि घरों में शराब रखने के लाइसेंस दिए जाएंगे। अब अहाते बंद करने की बात सरकार कर रही है। ऐसा लग रहा है जैसे जनता से मजाक हो रहा है। भाजपा नेताओं पर शराब बिक्री कराने के आरोप लगाए। कहा कि जिले में जितने भी बड़े काम हुए हैं, वो सभी कांग्रेस की सरकार और उनके नेताओं की देन हैं। प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता अधिवक्ता पंकज शर्मा, जेपीएस तिवारी, ब्रजेशसिंह बघेल, राजिक अकील, दादू निखिलेन्द्र सिंह, मोहन चंदेल शामिल रहे।
दहेज के सामान में कमीशनखोरी का आरोप
कांग्रेस सरकार ने कन्यादान योजना की राशि ४८ हजार सीधे कन्या के बैंक खाते में दे रही थी, जिससे जरूरत के मुताबिक कन्या अपनी गृहस्थी का सामान खरीद रही थी, लेकिन भाजपा ने व्यवस्था बदल दी। राशि के बजाय उनको दहेज का गुणवत्ताहीन सामान दिया जाने लगा। उस सामान में भी भाजपा ने कमीशनखोरी की है। इसके अलावा कई और मामलों में कांग्रेस ने भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस कार्यालय में नहीं लगा भ्रष्टाचार का एक रूपया
प्रेसवार्ता में एक सवाल के दौरान पूछा गया कि सिवनी विधायक दिनेश राय आरोप लगाते हैं कि जिला कांग्रेस कार्यालय का निर्माण १५ महीने की कांग्रेस सरकार में हुए भ्रष्टाचार के रुपए से हुआ है। इस सवाल पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष खुराना ने कहा कि जिला कांग्रेस कार्यालय में एक रूपया भी भ्रष्टाचार का नहीं लगा है। जो भी पैसे लगे हैं वो कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और उनके नाते-रिश्तेदारों और जो दुकानें बनी हैं, उनके संचालकों का लगा है। विधायक के आरोप पर कहा कि यह कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता का अपमान है।