19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रदेश में लागू होगी नई शराब नीति, शिवराज व बीडी से हुई हैं बातचीत : उमा

- पूर्व मुख्यमंत्री भारती का सिवनी प्रवास के दौरान शराब को लेकर दिखा बदला रूप- पहले करती थी सूबे में शराब बंदी की बात, अब नियंत्रित बिक्री की बात कही

2 min read
Google source verification
प्रदेश में लागू होगी नई शराब नीति, शिवराज व बीडी से हुई हैं बातचीत : उमा

प्रदेश में लागू होगी नई शराब नीति, शिवराज व बीडी से हुई हैं बातचीत : उमा

सिवनी. मध्यप्रदेश में शराब बंदी को लेकर मुखर रहने वाली पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के स्वर इन दिनों बदले-बदले नजर आ रहे हैं। अब वह नई शराब नीति और नियंत्रित ढंग से प्रदेश में शराब की बिक्री किए जाने की बात कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भारती शुक्रवार को सिवनी प्रवास पर थी। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और भाजपा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। मीडिया से भी मुखातिब हुई।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई शराब नीति लागू होगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा से बातचीत के बाद सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि सूबे में नियंत्रित ढंग से शराब की बिक्री होगी। धार्मिक स्थल, अस्पताल, स्कूल के आसपास शराब की दुकानें नहीं होंगी। यदि स्कूल से कुछ दूरी पर शराब की दुकान हैं तो वह स्कूल खुलने तक बंद रहेगी। कहा कि इसी तरह के कुछ बिंदुओं को मैंने रखा हैं, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि घर पर शराब पीने के जो लाइसेंस दिए जाने की बात कही जा रही है। नई शराब नीति में इसे भी समाप्त किया जा रहा है। इसके पूर्व उनके सर्किट हाउस पहुंचने पर सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन, विधायक दिनेश राय मुनमुन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया ने उनका स्वागत किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसके मरावी, सिवनी एसडीएम मेघा शर्मा, तहसीलदार पियुष दुबे, कोतवाली टीआई एमडी नागोतिया आदि उपस्थित रहे।


पता नहीं किस भारत को जोडऩे निकले हैं राहुल गांधी
पूर्व मुख्यमंत्री भारती ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि भाजपा ने धारा 370 हटाकर पहले ही भारत को एकजुट कर दिया है। अब राहुल गाधी पता नहीं किस भारत को जोडऩे निकले हैं। कहा कि मेरे जीवित रहते राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया।

अब पीओपी भारत में जुड़ जाए यही सपना है। मध्यप्रदेश में आने वाले वर्ष में होने विधानसभा चुनाव पर कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं है। भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ वापसी करेगी।


प्रधानमंत्री की माता के निधन पर व्यक्त किया दु:ख
इसके पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के निधन पर दु:ख व्यक्त किया। उपस्थित लोगों के साथ दो मिनट का मौन रखकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री से अपने संबंधों का हवाला देते हुए पुरानी बातों की चर्चा की। सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन, विधायक दिनेश राय मुनमुन व पूर्व सांसद नीता पटेरिया के साथ पुराने संबंधों की याद ताजा की। इस दौरान पास में बैठे उक्त लोगों से पुरानी बातों पर हामी भी भरवाया। स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सर्किट हाउस के हॉल से बाहर निकलकर बरामदे में आ गई।

इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से खुद तक हवा आने देने की बात कहते हुए सभी से नीचे बैठने को कहा। उपस्थित लोगों से मुलाकात के बाद आराम करने चली गई। करीब दो घंटे सिवनी में रूकने के बाद वह बरघाट होकर बालाघाट के लिए रवाना हो गई।