19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में पकड़ाया फर्जी परीक्षार्थी, भाई के बदले दे रहा था परीक्षा

मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। सोमवार को परिषद् कार्यकर्ताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।

less than 1 minute read
Google source verification
patrika news

चार पेपर देने के बाद पांचवे में पकड़ा गया

सिवनी. राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय से संबद्ध पीएम एक्सीलेंस कॉलेज सिवनी में आयोजित बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा के दौरान बीते दिन फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया है। आरोपी अपने भाई के बदले परीक्षा दे रहा था। बताया जाता है कि उसने चार विषय की परीक्षा दे दी थी। पांचवे में संदेह के आधार पर धरा गया। मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। सोमवार को परिषद् कार्यकर्ताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ताओं ने कहा कि परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में इस प्रकार की अनियमितता शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।परिषद् ने मांग की कि फर्जी परीक्षार्थी भेजने वाले वास्तविक अभ्यर्थी एवं इसमें शामिल अन्य दोषियों पर विश्वविद्यालय नियमों के तहत सख्त कार्यवाही की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा एवं पहचान सत्यापन व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए।
इस दौरान परिषद् पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्यवाही नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद् आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद् के विभाग संगठन मंत्री गौरव शुक्ला, विभाग संयोजक हर्ष अग्रवाल, जिला संयोजक सुजल मिश्रा, नगर मंत्री सजल ठाकुर, भाग संयोजक आदित्य बघेल,प्रियांशु सनोडिया,उमेश सनोडिया,केशव दूबे,सार्थक,निखिल सेवलानी,प्रीत शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।