25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों को बस सुविधा की दरकार

तीन बार हो चुका है टेंडर, नहीं पूरी हो पा रही प्रक्रिया

2 min read
Google source verification

सिवनी. शासन जिले में खोले गए सात सांदीपनि विद्यालयों में तीन साल बाद भी बस की सुविधा नहीं दे पाई है। ऐसे में पालकों की उम्मीद धूमिल होती जा रही है। दरअसल विद्यालय खोलने के समय विद्यार्थियों को निशुल्क बस सुविधा देने की बात कही गई थी, लेकिन यह वादा अब तक पूरा नहीं हो पाया है। सांदीपनि विद्यालय में हर वर्ष विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन सुविधाओं में इजाफा नहीं हो पा रहा है। बताया जाता है कि बस सुविधा को लेकर शासन स्तर पर तीन बार टेंडर भी हो चुका है, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इसके पीछे वजह शुल्क को लेकर है। दरअसल शासन द्वारा बस परिचालन को लेकर निर्धारित किया गया टेंडर शुल्क बस ऑपरेटरों के मुताबिक नहीं है। ऐसे में मामला हर बार उलझ कर रह जा रहा है। बस ऑपरेटर रूचि नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को निजी साधन या फिर ऑटो में महंगा किराया देकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। बारिश में विद्यार्थियों के लिए स्कूल तक जाने एवं घर पहुंचने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थी तो 8 से 10 किमी दूर से स्कूल में अध्ययन करने पहुंच रहे हैं।

नियमों का भी पेंच डाल रहा व्यवधान
सांदीपनि विद्यालय में कई ऑपरेटर विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा देने को तैयार हैं, लेकिन शासन द्वारा बनाई गई नियमावली में वे फिट नहीं बैठ पा रहे हैं। स्कूल बस का अलग रंग, महिला कंडक्टर की ड्यूटी, सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य नियमों की वजह से कोई ऑपरेटर रूचि नहीं दिखा रहा है। बस ऑपरेटरों का कहना है कि इसके लिए उन्हें अलग से बस खरीदनी पड़ेगी या फिर पहले से खरीदी गई बस को ही पीले रंग से रंगवाना पड़ेगा। वहीं प्रति छात्र एक हजार रुपए ही दिया जाना है। जबकि बसों के परिचालन में खर्चा अधिक आएगा।

छपारा में सबसे अधिक विद्यार्थियों की संख्या
जिले के छपारा के सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या दो हजार के करीब है। वहीं केवलारी में 1550, सुकतरा में 900, घंसौर में 800, सिवनी में 721, धनौरा में 700 और धूमा में 600 विद्यार्थियों की संख्या है। अधिकतर विद्यार्थियों को निशुल्क बस सुविधा का इंतजार है।

कंडीपार में होगी दिक्कत
सिवनी शहर में सांदीपनि विद्यालय वर्तमान में डूंडासिवनी में संचालित हो रहा है। हालांकि नया भवन कंडीपार में बनकर तैयार है। कुछ ही दिन बाद विद्यालय नए भवन में संचालित होगा। ऐसे में विद्यार्थियों की दूरी बढ़ जाएगा। अगर निशुल्क बस सुविधा शुरु नहीं हुई तो और भी दिक्कत होगी।

इनका कहना है..
शासन प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही विद्यार्थियों के लिए निशुल्क बस की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। नए भवन में स्थानांतरित होने के बाद विद्यार्थियों को थोड़ी परेशानी होगी।

विमल ठाकुर, प्राचार्य, सांदीपनि विद्यालय, डूंडासिवनी