
बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत, आग लगने से बस खाक
सिवनी. डूंडासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम डुंगरिया गहरा नाला के पास मंगलवार को बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल बस में फंसकर करीब आठ किमी तक घिसटती रही। मोटरसाइकिल, बस व सड़क की रगड़ से निकली चिंगारी से बस में आग लग गई। इससे बस जलकर खाक हो गई। बस में सवार दर्जनों यात्रियों ने किसी तरह से निकलकर जान बचाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौरसिया बस ट्रेवेल्स की बस सिवनी से केवलारी की ओर जा रही थी। बस अभी डुंगरिया ग्राम के पास गहरा नाला तक पहुंची थी कि विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल सवार कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपानी खुर्द निवासी रामचरण ठाकरे (४३) एवं ग्राम छिंदबर्री निवासी श्रीप्रसाद बरकड़े (२०) सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस और आसपास ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीण व पुलिस के अनुसार ठाकरे की मौके पर मौत हो चुकी थी, जबकि बरकड़े ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उधर बस से मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद उसमें फंसकर करीब आठ किमी तक कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र की सीमा से १० मीटर अंदर चुरनाटोला में चिंगारी से निकली आग की चपेट में आकर बस जल गई। बस में सवार यात्री, चालक और कंडक्टर ने उतरकर अपनी जान बचाए। डूंडासिवनी पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर बस को जप्त कर लिया। चालक फरार बताया जा रहा है। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, लगा जाम
हादसे के बाद बस चालक मोटरसाइकिल फंसने के बाद भी सड़क पर फर्राटा भरता रहा। उक्त दृश्य देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कान्हीवाड़ा पुलिस ने भोमा और थाना के सामने नाकाबंदी कर दिया। इसबीच चालक ने चुनारटोला के पास बस रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन करीब घंटेभर बाद सिवनी से फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद आग बुझाया गया। इसकी पुष्टि कान्हीवाड़ा पुलिस ने की है। पुलिस के अनुसार हादसे वाली बस के पीछे कान्हीवाड़ा थाना के तीन पुलिसकर्मी आ रहे थे। तीनों ने मौके पर पहुंचकर दोनों तरफ के वाहनों को आग बुझने तक रोक दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। घटनास्थल पर कान्हीवाड़ा और डूंडासिवनी थाने का पर्याप्त बल पहुंच गया था।
घटनास्थल पर पहुंचकर संभाला स्थिति को
बस में मोटरसाइकिल के फंसकर सड़क पर चलने की सूचना मिलते ही मैंने भोमा औैर कान्हीवाड़ा में नाकाबंदी कर दिया। फायर ब्रिगेड और उच्चाधिकारियों को सूचना दिया। टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
- दिलीप पंचेश्वर, टीआई कान्हीवाड़ा
Published on:
10 Sept 2019 08:46 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
