10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अज्ञात बीमारी, शरीर में अकडऩ की चपेट में ग्रामीण

मोठार के पांच दर्जन ग्रामीण बीमार, बुखार, अकडऩ, सिरदर्द की समस्या, मरीजों से मिले कलेक्टर, अस्पताल के तीन वार्डों में चल रहा उपचार

2 min read
Google source verification
Disease, Accident, Viral Fever, Treatment, Doctor, Health Minister, CM, PM, Dengue, Chikungunya

अज्ञात बीमारी, शरीर में अकडऩ की चपेट में ग्रामीण

सिवनी. जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर ग्राम मोठार में विगत करीब 20 दिनों से अजीब बीमारी की गिरफ्त में समूचा गांव आ गया है। गांव के किसी घर के सभी सदस्य बीमारी की चपेट में हैं तो किसी घर में एक ही सदस्य ठीक-ठाक बचा है। ग्राम में धीरे-धीरे बढ़ रही बीमारी से उस समय हड़कम्प मच गया जब रविवार को जिला अस्पताल में लगभग 60 मरीज उपचार कराने पहुंचे।
इसकी जानकारी लगते ही कलेक्टर गोपालचंद्र डाड आनन-फानन में मरीजों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंच गए। सीएमएचओ डॉ. केसी मेश्राम, सिविल सर्जन डॉ. आरके श्रीवास्तव को मरीजों का तत्काल समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। ग्राम में स्वास्थ्य टीम भेज दी गई है, जहां मरीजों का जांच उपचार जारी है। जिला अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती मरीजों ने बताया कि लगभग 20 दिन से गांव में किसी न किसी को सिर दर्द, बुखार के साथ शरीर में अकडऩ आ रहे है। इसकी वजह से मरीज जहां जिस स्थिति में रहता है, वैसी ही स्थिति में घण्टों पड़ा रहता है। महिलाओं, पुरुषों ने बताया कि अकडऩे के चलते लघु व दीर्घशंका करने जाना तक दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी शरीर में हो रही अकडऩ के कारण हो रही है।
भर्ती मरीजों में शेषपुरी बाई ने बताया कि बीमारी से घर की बहू संतोषी बाई, पुत्र मूरत और नाती सुन्दर समेत चार लोग बीमार है। घर पर दो लोग ठीक-ठाक हैं। मरीज बसंतीबाई ने बीमारी के लक्ष्ण में बताया कि पहले जोरों की ठण्ड लगती है। इसके बाद पैरों से लेकर कमर तक व हाथ में अकडऩ बनी रहती है। साथ ही असहनीय दर्द होता है और सिर दर्द से फटा जाता है।
मरीजों ने बताया कि ग्राम मोठार से पहले ग्राम दुकली, बांकी व झारपुर के लोगों में भी इस प्रकार की बीमारी देखी गई थी। लेकिन पिछले लगभग 20 दिनों से ग्राम मोठार और दुकली गांव के ग्रामीण इस प्रकार की अज्ञात बीमारी से ग्रसित हैं।
हफ्तेभर रहेगी ग्राम में टीम
अजीब बीमारी से ग्रसित मरीजों के आने पर कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने तत्काल सीएमएचओ को गांव में जाने के निर्देश दिए। साथ ही गांव में एक सप्ताह तक स्वास्थ्य टीम को वहां रहकर जांच, उपचार के साथ पानी के टेस्ट, कीटनाशक का छिड़काव आदि करने के निर्देश दिए हैं।
मरीजों का जारी है उपचार
मरीजों में हर्षित पिता धनीराम (13), बलीराम पिता बडगू (60), अंतराम पिता रेवाराम (48), मनीराम पिता कोमल (30), मूरत पिता लक्षीराम (35), दयाराम पिता पेश्या (38), धन्ना पिता तुरमी (35), सुंदर पिता मूरत (22), मुकेश पिता भगवत (30), देवीसिंह पिता धन्ना (60) मेहताब पिता बलीराम (30) वहीं महिला मरीजों में संतोषीबाई, सविता यादव, ब्रजकलीबाई जंघेला, सहजपुरी बाई, फूलवती आदि मरीज मेल मेडिकल, महिला मेडिकल व शिशु वार्ड में भर्ती हैं जिनका उपचार जारी है।
--
ग्रामीणों की बातचीत से लग रहा है कि वायरल समस्या है। फीवर, हाथ पैर में अकडऩ है। मरीजों की समुचित जांच कराई जा रही है। चिकित्सकों की टीम गांव में जा चुकी है। सीएमएचओ को भी भेजा गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
- गोपालचंद्र डाड, कलेक्टर सिवनी

कर रहे हैं टेस्ट
बण्डोल के पास ग्राम मोठार में जकडऩ, जोड़ों में दर्द की समस्या के साथ जिला अस्पताल में एक-एक करके मरीजों का आना शुरू हुआ है। इस प्रकार की समस्या चिकनगुनिया की होती है। डेंगू, चिकनगुनिया का टेस्ट कर रहे हैं। सतत रूप से निगरानी रखी जा रही है। हालांकि यह सीजन वायरल का होता है। चिकनगुनिया, डेंगू भी हो सकते हैं।

- डॉ. आरके श्रीवास्तव, सिविल सर्जन