– दुष्कर्म व हत्या और 3 साल की बालिका के साथ हैवानियत मामले में पुलिस व प्रशासन ने की कार्रवाई
– 28 लाख की भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई, कोतवाली व खैरहा क्षेत्र में हुई कार्रवाई
शहडोल. बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या और 3 साल की बच्ची के साथ हैवानियत मामले में पुलिस व प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अलग-अलग थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बालिकाओं के साथ दुष्कर्म व हत्या के चार आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया है। पुलिस ने चारों अरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। प्रशासन ने खैरहा थाना क्षेत्र में तीन साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों के 1.5 एकड़ वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया है। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में बीते दिनों 12 वर्षीय बालिका के घर चोरी करने के बाद दुष्कर्म कर हत्या करने के मामले में दो आरोपी के घर बुलडोजर चलवाक 1200 वर्ग फीट भूमि से अतिक्रमण हटाया है। प्रशासन ने दोनों कार्रवाई में करीब 28 लाख की भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई है। गुरूवार की शाम को ही प्रशासन ने आरोपियों के घर कार्रवाई करने की तैयारी कर ली थी। शुक्रवार की सुबह अलग-अलग टीम बनाकर अधिकारी गांव पहुंच गए। कार्रवाई में अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा, तहसीलदार भरत सोनी, डीएसपी राघवेन्द्र द्विवेदी, टीआई योगेन्द्र सिंह परिहार, उपेन्द्र त्रिपाठी, रजनीश तिवारी, रामराज पांडेय सहित आरआई व पटवारी रहे।
4 घंटे से ज्यादा चली कार्रवाई, ग्रामीण बोले- दूसरा घर भी तोड़ो
कोतवाली थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले में आरोपियों को लेकर ग्रामीणों में खासा नाराजगी रही। ग्रामीणों का कहना था कि आरोपियों के परिवार के जितने भी मकान हैं, उन्हे तोडऩा होगा। दोनों नाबालिग आरोपियों के गांव में प्रशासन बड़ी संख्या में पुलिस बल व दो बुलडोजर लेकर सुबह 9 बजे दस्तक दी। आसपास के लोगों को अलर्ट करते हुए कार्रवाई शुरू की गई। करीब 4 घंटे चली कार्रवाई में पहले आरोपी के पक्के मकान को मशीन से ध्वस्त कराया गया, वहीं दूसरे आरोपी के कच्चे मकान में बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान दोनों आरोपियो से 1200 वर्ग फीट भूमि कीमत करीब 9 लाख रुपए को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
तीन जेसीबी से कराया डेढ़ एकड वन भूमि मुक्त
खैरहा थाना क्षेत्र में 1 मार्च को तीन साल की मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। जहां मेडिकल कॉलेज में सात दिन तक उपचार चलने के बाद बालिका की मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी भानू ढीमर 30 वर्ष व राधेश्याम उर्फ बितानी वर्मा 26 वर्ष के डेढ़ एकड़ वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने पुलिस व प्रशासन सुबह 10 बजे गांव पहुंची, जहां तीन जेसीबी के माध्यम से आरोपियों के घर सहित अन्य कब्जे को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रशासन ने 1.5 एकड़ भूमि कीमत 19 लाख रुपए को अतिक्रमण मुक्त कराया है। चार घंटे तक चले इस कार्रवाई में एसडीएम प्रगति वर्मा, जनपद सोहागपुर सीईओ ममता मिश्रा, दो नायब तहसीलदार के साथ ही एसडीओपी धनपुरी, थाना प्रभारी बुढ़ार राजेश मिश्रा, थाना प्रभारी खैरहा दिलीप सिंह, रेंजर बुढ़ार प्रेमांशु धुर्वे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
दुष्कर्म व हत्या के मामले में आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन के साथ आरोपियों के अवैध कब्जा को हटाने की कार्रवाई की गई है।
कुमार प्रतीक, पुलिस अधीक्षक शहडोल
———-
कोतवाली व खैरहा थाना क्षेत्र में 2 नाबालिक बालिका से दुष्कर्म व हत्या के चार आरोपियों के घर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रशासन ने की है।
वंदना वैद्य, कलेक्टर शहडोल