शहडोल. भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में निर्माणधीन भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है। इसे लेकर तैयारियां जोरों से चल रही है। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सभी लोग शामिल हों इसे लेकर आमंत्रण के रूप में अक्षत कलश सभी जगह भेजे गए हैं। इसी क्रम में चित्रकूट से नगर के मोहन राम मंदिर पहुंचे अक्षत कलश का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधि विधान से अक्षत कलश की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकालकर कलश में बुढ़ार चौक स्थित गणेश मंदिर ले जाया गया। यहां से यह अक्षत कलश जिले के अलग-अलग मंदिरो में पहुंचेगा। इसके बाद अभियान चलाकर अक्षत के रूप में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण घर-घर पहुंचाया जाएगा। शोभायात्रा में विश्व हिन्दु परिषद व भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ ही नगर के श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।