
पुरानी पेंशन बहाली की मांग, कहा- एनपीएस में पेंशन की कोई गारंटी नहीं
शहडोल. पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कई कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर रविवार को रैली निकाली व प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन जिला इकाई शहडोल ज्ञापन में उल्लेख किया है कि देश में लगभग 80 लाख केन्द्र एवं राज्य के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी के लिए एनपीएस योजना लागू की गई है, पेंशन स्कीम शेयर मार्केट और एन्यूटी की ब्याज दर पर आधारित है। जिसमें पेंशन की कोई निश्चित गारंटी नहीं है और न ही इसमें प्राप्त पेंशन राशि आत्मनिर्भर जीने योग्य है। पेंशन की राशि में महंगाई के साथ कोई वृद्धि भी नहीं होती है। एनपीएस पेंशन योजना से वर्तमान सेवानिवृत्त उपरांत 500, 1000 रुपए व 3000 रुपए अधिकतम पेंशन प्राप्त हो रही है, जो कि देश में आमजन के लिए चलाए जा रहे कल्याणकारी योजनाओं में से प्रदाय की जा रही राशि से भी कम है। वहीं अधिकारी कर्मचारी की मृत्यु पर परिवार पेंशन इससे भी कम प्राप्त होती है। जिससे आश्रित परिवार के सामने आर्थिक संकट आ जाता है। उल्लेखनीय है कि एनपीएस प्रणाली से नाखुश कर्मचारी संगठन लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं। इस लेकर अब इनका विरोध प्रदर्शन और तेज होता जा रहा है। सभी कर्मचारी संगठन एकजुट होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि एनपीएस से उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है। शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारियों ने मांग की है कि एनपीएस योजना बंद कर देश में सिविल सेवा पेंशन नियम 1972 को लागू करते हुए पुरानी पेंशन योजना पुन: बहाल किया जाए। ज्ञापन सौंपने में पदाधिकारी सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक व अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
Published on:
17 Apr 2023 12:12 pm
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
