5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यहां लगता है हाट-बाजार, इसकी कहानी जान आप रहे जाएंगे हैरान

कैसे महिलाओं की इस पहल से हो रहा है इस क्षेत्र का विकास ?

3 min read
Google source verification
Heres the hot market you know its a story youre going to be surprise

शहडोल- जिले के जयसिंहनगर विकास खण्ड के ग्राम लखनौटी के स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने गांव ही नहीं बल्कि आसपास के गांव में भी एक अलग ही माहौल तैयार कर दिया है। लोगों को जागरुक कर हॉट बाजार लगाना जिससे लोगों के जरूरत के सामान गांव में मिल सके, कचरे को खाद बनाना और फिर उसे सब्जी आदि लगाने में उपयोग करना, गांव में लोगों की मदद के लिए पशुओं की देखभाल के लिए पशु सखी बनाना, लगातार गांव और वहां के लोगों के विकास और मदद के लिए ये स्वसहायता समूह काम कर रहा है। जिसका असर ये है कि अब इनकी मदद खुद गांव के लोग भी करने लगे हैं।

श्रमदान से बना ग्राम संगठन
महिलाओं ने आपस में मिलकर गांव में ग्राम संगठन कार्यालय का श्रमदान के द्वारा निर्माण किया है। पहले ग्राम में ग्राम संगठन की बैठक के लिये कोई भी शासकीय भवन नहीं था, बैठक का संचालन समूह सदस्यों के घर में किया जाता था, जिसका किराया ग्राम संगठन के द्वारा हर माह एक हजार रूपये दिया जाता था। जिसके चलते ग्राम संगठन की आय का काफी हिस्सा किराये में निकल जाता था। स्व-सहायता समूह की बैठक में महिलाओं ने सदस्यों की स्वीकृति के बाद ग्राम पंचायत में प्रस्ताव दिया जिस पर सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं सभी पंचों के द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। जिसके बाद महिला सदस्यों के साथ-साथ गांव के पुरूषों ने श्रमदान कर भवन का निर्माण किया, जहां ग्राम संगठन कार्यालय भवन व्यवस्थित रूप से अब कार्य कर रहा है।

हाट बाजार बनाया
स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने गांव में हाट-बाजार का भी निर्माण अपने प्रयासों से कराया है। ग्राम गौरी संगठन के सदस्यों ने बताया कि हाट-बाजार गांव में नहीं लगने के कारण क्षेत्र के लोगों को हाट बाजार के लिये बाहर जाना होता था, जिसके चलते लोगों का समय बर्बाद होता था। उन्होंने बताया कि महिला स्व-सहायता समूह के प्रयास से ही अब गांव में ही हाट-बाजार लगने लगा है। गांव में विगत वर्ष से प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक हाट-बाजार लग रहा है, जिसका उद्घाटन सरपंच, सचिव एवं गौरी ग्राम संगठन के सदस्य द्वारा किया गया। हर शुक्रवार को लगने वाले हाट-बाजार में कपड़ा दुकान, सब्जी दुकान, चाट दुकान, मनिहारी दुकानों के साथ-साथ अन्य दुकानें भी खोली गई हंै जिससे गांव के लोगों को सुविधा हो रही है।

कचरा प्रबंधन के लिए अनोखा समाधान
लखनौटी क्षेत्र की स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कचरा प्रबंधन के लिये एक अनोखा समाधान खोज निकाला है, अब महिलाएं कचरे को एक जगह एकत्रित करके उसे गोबर और मिट्टी से छापकर खाद बना रही हंै तथा सब्जी की खेती में तैयार की गई खाद का उपयोग कर रही हैं। जिले के ग्राम गोपालपुर, चंदेला, लोडी बहरा, ढोलर एवं मोहनी ग्रामों में सब्जी की खेती के लिये महिलाओं द्वारा मचान कल्टीवेशन का कार्य भी किया जा रहा है।

जिले में बनाए गए पशु सखी
शहडोल जिले में लगभग 150 पशु सखी बनाये गए हैं जो अपने गांव और उसके आसपास के पशुओं में बीमारी की रोकथाम के लिए अपनी सेवाएं देने के लिए हमेशा प्रयासरत रहती हैं। पशु सखी पशु टीकाकरण का कार्य भी करती हैं, जिन्हें पशु चिकित्सा विभाग ने ट्रेनिंग भी दिया है। पशु सखियां मुर्गी, बकरी, गाय तथा भैंस सभी पशुओं के टीकाकरण में दक्ष हैं।