शहडोल, यातायात थाना के ठीक सामने से कबाड़ से लोड ट्रक कोतवाली पुलिस ने जब्त किया है। जिसमें लोहे के मशीनरी सामान के साथ ही अन्य स्क्रेप लोड था। पुलिस को जानकारी मिली कि यातायात थाने के पास ट्रक क्रमांक एमपी 04 जीए 7711 खड़ा हुआ है। जिसका चालक व एक अन्य व्यक्ति कबाड़ बेचने के फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने दबिश देकर चालक योगेश शुक्ला निवासी गोविंदपुर भोपाल व मानसिंह चौहान निवासी कोटमा शहडोल से वाहन में लोड मशीनरी पार्टस व स्क्रेप के बारे में पूछताछ करते हुए कागजात मांगे जिसमें चालक ने कोई दस्तावेज न होना बताया। पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए करते हुए चालक व उसके साथी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। आरोपी कबाड़ कहां से लाए और किसकों बेचना चाहते थे इसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं इस मामले में यातायात विभाग की लापरवाही सामने आई है। यातायात थाने के ठीक सामने से कोतवाली पुलिस भोपाल की गाड़ी से कबाड़ जब्त कर लिया और यातायात को इस बात की भनक भी नहीं लगी। इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि यातायात विभाग सिर्फ दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई करने तक ही सीमित है। विभाग को जहां से राजस्व मिलता है वहां ही कार्रवाई करती है। जबकि शहर से हर रोज कबाड़ व कायेले का अवैध परिवहन होता है जिसकी भनक यातायात विभाग को नहीं लग पाती।