
एकात्म व मानव सेवा के साथ विश्व कल्याण में समर्पित है संत निरंकारी मिशन
शहडोल। युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह जी का दिव्य, सर्व प्रिय स्वभाव व उनकी विशाल अलौकिक सोच, मानव कल्याण को समर्पित थी । उन्होंने पूर्ण समर्पण, सहनशीलता एवं विशालता वाले भावों से युक्त होकर ब्रह्मज्ञान रूपी सत्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया और विश्व बन्धुत्व की परिकल्पना को वास्तविक रूप प्रदान किया । यह बात संत निरंकारी मिशन के सीधी जोन के जोनल इंचार्ज महात्मा रमेश अग्रवानी ने शहडोल के निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित संत समागम में कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी ने 36 वर्षों तक सतगुरु रूप में निरंकारी मिशन की बागडोर संभाली । उन्होंने आध्यात्मिक जागृति के साथ-साथ समाज कल्याण के लिए भी अनेक कार्यों को रूपरेखा प्रदान की, जिनमें मुख्यत: रक्तदान, ब्लड बैंक का गठन, नेत्र जांच शिविर, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान आदि के आयोजन का बहुमूल्य योगदान रहा ।
उन्होंने कहा कि एक आदर्श समाज की स्थापना हेतु महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं की ऊर्जा को नया आयाम देने के लिए भी बाबा ने कई परियोजनाओं को मूर्त रूप दिया। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदाओं के समय में भी उनके निर्देशन में मिशन द्वारा निरंतर सेवाएं निभाई है। बाबा ने मानवता का दिव्य स्वरूप बनाने हेतु निरंकारी संत समागमों की अविरल श्रृंखला को निरंतर आगे बढ़ाया जिसमें उन्होंने सभी को ज्ञान रूपी धागे में पिरोकर प्रेम एवं नम्रता जैसे दिव्य गुणों से परिपूर्ण किया इंसानियत ही मेरा धर्म है इस कथन को चरितार्थ करते हुए संत निरंकारी मिशन की शिक्षा को छोटे-छोटे कस्बोंं से लेकर दूर देशों तक बाबा ने विस्तृत किया ।
उन्होंने सदैव यही समझाया कि भक्ति की धारा जीवन में निरंतर बहती रहनी चाहिए। बाबा हरदेव सिंह जी को मानव मात्र की सेवाओं में अपना उत्कृष्ट योगदान देने के लिए देश-विदेश में सम्मानित भी किया गया । उन्हें 27 यूरोपीय देशों की पार्लियामेंट ने विशेष तौर पर सम्मानित किया और मिशन को संयुक्त राष्ट्र का मुख्य सलाहकार भी बनाया गया । साथ ही विश्व में शांति स्थापित करने हेतु अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित किया गया। समर्पण दिवस पर आयोजित इस समागम में सीधी, रीवा, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर धनपुरी, बुढार तथा डिंडोरी से सैकड़ों की संख्या में निरंकारी भक्त पहुंचे और बाबा हरदेव सिंह जी का स्मरण गीतों एवं विचारों के माध्यम से किया।
Published on:
13 May 2022 09:04 pm
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
