शहडोल. भयमुक्त वतावरण बनाने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डीसी. सागर, उप पुलिस महानिरीक्षक सविता सोहाने, कलेक्टर वंदना वैद्य एवं पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक के नेतृत्व में बुधवार की शाम शहर में मेगा फ्लैग मार्च निकाला गया। जो गांधी चौक, नटराज तिराहा, जैन मन्दिर, पुराना गांधी चौक, पंचायती मंदिर, सब्जी मंडी होते हुए नए गांधी चौक में समाप्त हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान शहरवासियों को बिना किसी डर के भयमुक्त होकर स्वतंत्र, सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेन्द्र द्विवेदी, उप पुलिस अधीक्षक देवेश पाठक, मिजोरम के अधिकारी, थाना प्रभारी कोतवाली रावेन्द्र कुमार तिवारी एवं 200 से अधिक का केन्द्रीय एवं जिला पुलिस बल शामिल रहा।
सभी थाना क्षेत्रों में हुआ एरिया डोमीनेशन
विधानसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ मेगा फ्लैग मार्च थाना प्रभारी के नेतृत्व में निकाला गया। मतदान दलों के रवाना होने से एक दिन पहले एसपी ने सभी थाना मुख्यालयों में केन्द्रीय पुलिस बल के साथ भयमुक्त वातावारण के निर्माण के लिए फ्लैग मार्च कर एरिया डोमीनेशन करने निर्देशित किया था। जिसके तारतम्य में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च के माध्यम से जिले वासियों को बिना किसी डर के भयमुक्त होकर स्वतंत्र, सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रेरित किया गया।