
जिले में अवैध रेत उत्खनन और वन संपदा की निगरानी कर रहे वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अब खुद निशाने पर हैं। मंगलवार देर रात वन माफियाओं ने एक ही रात में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। एक ओर रात्रिकालीन गश्त पर निकली दक्षिण वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) श्रद्धा पेंद्रे के वाहन पर पथराव कर तोडफ़ोड़ की गई, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी पूरी कर लौट रहे दो बीट गार्डों को रोककर मारपीट की गई। एक वनकर्मी को सडक़ पर घसीटने तक की घटना सामने आई है। लगातार तीसरी बार वन अमले पर हुए हमले ने जिले में सक्रिय वन और रेत माफिया के बढ़ते दुस्साहस को उजागर कर दिया है।
पहली घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के बिजौरी इलाके की है। दक्षिण वन मंडलाधिकारी श्रद्धा पेंद्रे, डिप्टी रेंजर श्रीप्रकाश शुक्ला और विभागीय टीम रात में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर निगरानी के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने अचानक शासकीय वाहन पर हमला कर दिया। वाहन पर पथराव कर क्षतिग्रस्त किया गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वन विभाग ने इसे अवैध कारोबार में लगे माफियाओं की सुनियोजित कार्रवाई माना है।
दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नरसरहा डिपो के पास हुई। गश्त समाप्त कर घर लौट रहे बीट गार्ड सुरेश बैगा और रामकिशोर बैगा को बाइक सवार युवकों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सुरेश बैगा को सडक़ पर घसीटा गया, जिससे वह घायल हो गए। घायल वनकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीडि़तों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में रेत माफिया हावी हो चुके हैं। फॉरेस्ट गार्ड गश्ती के बाद घर लौट रहे थे। दोनों वर्दी में थे। नरसरहा डिपो के पास मारपीट की गई। एक को घसीटा गया। बिजौरी क्षेत्र में हमारी गाड़ी में तोडफ़ोड़ की गई है। कोतवाली थाने में मारपीट की एफआईआर करा दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच भी करवाई जाएगी। वहीं सोहागपुर थाने में भी डिप्टी रेंजर और विभागीय टीम पहुंच गई है।
-श्रद्धा पेंद्रे, डीएफओ दक्षिण वन मंडल शहडोल
अज्ञात के खिलाफ मारपीट और गालीगलौज करने पर मामला दर्ज किया गया है। रात में बीटगार्ड ड्यूटी खत्म घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो लोग मिले और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। बीडगार्ड ने रोकने की कोशिश की तो उसे पकडकऱ घसीटते हुए ले गए। मारपीट और गालीगलौज की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
-राघवेंद्र तिवारी, टीआई कोतवाली शहडोल
-देवलोंद थाना क्षेत्र के गोपालपुर में नवंबर 2023 में रेत का अवैध उत्खनन रोकने गए पटवारी की ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या।
-मई 2024 में ब्यौहारी थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एएसआई की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की।
-देवलोंद थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनघडिय़ाल अभ्यारण क्षेत्र में वन विभाग के रेंजर पर रेत माफिया का जानलेवा हमला
-जनवरी 2026 में ब्यौहारी के नायब तहसीलदार पर हमला। वाहन को पलटाने का प्रयास किया गया।
-मार्च 2026 में कोयला लोड ट्रैक्टर को रोकने पर वनकर्मियों के साथ मारपीट की गई।
-मार्च 2026 में ही डीएफओ दक्षिण वन मंडल के वाहन में तोडफ़ोड़ कर हमले का प्रयास किया गया।
-मार्च 2026 में मप्र-छग सीमा क्षेत्र में पुलिस से विवाद के रेत लेने आए ट्रैक्टर चालक की हत्या।
-मई 2026 में उमरिया जिले के चंदिया में रेत का अवैध परिवहन रोकने गए वन अमले पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास।
-और अब 16 जून की रात डीएफओ के वाहन में तोडफ़ोड़ और फॉरेस्ट गार्ड के साथ मारपीट
Updated on:
18 Jun 2026 11:59 am
Published on:
18 Jun 2026 11:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
