शहडोल. बुढ़ार पुलिस ने ग्राम चिटुहला के पास मोटर साइकल से गांजे तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को रात्रि गस्त के दौरान विक्रमपुर रोड अंडरब्रिज के पास मोटर साइकल में दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में जाते दिखे जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए सिंहपुर रोड ग्राम चिटहुला के पास घेराबंदी कर आरोपी शिवलाल उर्फ जानी कहार 35 वर्ष निवासी धनपुरी एवं सुशील चौरसिया 48 वर्ष निवासी विक्रमपुर को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से पैकेट में 7 किलो 50 ग्राम गांजा कीमती करीब 35 हजार रुपए बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी 15280 रुपए सहित मोबाइल व मोटर साइकल बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नाबंर शुक्ला एवं थाना प्रभारी खैरहा दिलीप सिंह के नेतृत्व में गोविन्दराम भगत, गिरीश शुक्ला, शिवप्रसाद सिंह, सनत गौतम, कृष्णनारायण मिश्रा एवं सतीश चौरसिया की भूमिका रही।