
अपने पैरों पर चल भी नहीं पा रहे थे दरोगा, PC- X
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक दरोगा की लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत कार सवार दरोगा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने कार को घेर लिया। जब लोगों ने दरोगा को नीचे उतरने को कहा तो वह खुद को पुलिस स्टाफ बताते हुए जाने देने की गुहार लगाने लगा। इस पर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया और मौके पर हंगामा होने लगा।
घटना बंडा थाना क्षेत्र के मुख्य चौराहे के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार उतरा टिकरी गांव निवासी सुनील गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अपनी दो बेटियों पारुल और सलोनी के साथ बाइक से खुटार जा रहे थे। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार (UP14 FC 3337) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुनील घायल हो गए, जबकि उनकी दोनों बेटियां बाल-बाल बच गईं।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कार को घेर लिया। कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रखी देख लोगों को शक हुआ। जब कार का दरवाजा खुलवाया गया तो पता चला कि चालक बंडा थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर जोगेश शर्मा है, जो अपने क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहा था। लोगों ने दरोगा से कार से बाहर आने को कहा, लेकिन उसने हाथ जोड़कर कहा कि वह पुलिस स्टाफ है और उसे जाने दिया जाए। यह सुनकर भीड़ भड़क गई और लोगों ने कार का दरवाजा बंद नहीं होने दिया।
इस दौरान सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर थाने में होली खेल रहे दो कॉन्स्टेबल मौके पर पहुंचे और दरोगा को कार से बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान दरोगा लड़खड़ाते हुए चलता नजर आया। जब वह ठीक से चल नहीं पाया तो दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे कंधे के सहारे पकड़कर अपनी बाइक तक पहुंचाया और थाने ले गए।
घटना का वीडियो भी लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दरोगा शराब के नशे में था और बाइक को टक्कर मारने से पहले उसने डिवाइडर से भी कार भिड़ाई थी।
वहीं बंडा थाना प्रभारी का कहना है कि सब-इंस्पेक्टर जोगेश शर्मा अपने क्षेत्र में जा रहे थे, तभी हल्की टक्कर लग गई जिससे बाइक सवार तीनों लोग गिर गए। एक युवक को हल्की चोट आई है और दरोगा को भी मामूली चोटें आई हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक संभव है कि चोट के कारण ही दरोगा ठीक से चल नहीं पा रहे थे।
Updated on:
05 Mar 2026 06:45 pm
Published on:
05 Mar 2026 06:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
