
शादी से लौट रहा बोलेरो वाहन रविवार रात करीब सवा 10 बजे दुपाड़ा रोड पर कतवारिया के समीप असंतुलित होकर पलट गया।
शाजापुर. शादी से लौट रहा बोलेरो वाहन रविवार रात करीब सवा 10 बजे दुपाड़ा रोड पर कतवारिया के समीप असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में बोलेरो सवार एक ही परिवार के 11 लोगों में से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। शेष 9 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से गंभीर हालत में 4 को इंदौर रेफर किया गया। हादसे के बाद जिला अस्पताल में भारी संख्या में लोग जमा हो गए।
शहर के लालपुरा क्षेत्र में रहने वाले मुगीज मास्टर के परिवार के सदस्य आगर जिले के कानड़ में एक शादी में शामिल होने रविवार सुबह बोलेरो से गए थे। बहन को छोडऩे पूरा परिवार आगर चला गया। आगर से रात को वापस शाजापुर लौटते समय कतवारिया के समीप मोड़ पर बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। तीन-चार पलटी खाने के बाद वह खंती में जा गिरा। आवाज सुनकर रहवासी और मार्ग से गुजर रहे यात्री पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल लाई। घायल अवस्था में मुगीज मास्टर (55) पिता अजीज मास्टर, आयशा बी (35) पति अयाज खां, आयशा बी (78) पति अजीज खां, ईशा (12) पिता अयाज, रोशनी (25) पिता मुस्तजीब, इमरोज (26) पिता मुगीज मास्टर, सलीम (30) पिता शेरू खां, अरशान (6 माह) पिता गयासुद्दीन, खुशिया बी (45) पति मुगीस मास्टर, शाइन खान (24) पति इमरोज खान और हमजा (6 ) पिता इमरोज खान को लाया गया। डॉक्टर ने मुगीज मास्टर और आयशा बी पति अयाज खां को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में आयशा बी पति अजीज खां, ईशा पिता अयाज सहित दो अन्य को गंभीर हालत में इंदौर रेफर कर दिया गया।
108 के चालक को पीटा
दुर्घटना की सूचना मिलने पर सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंच गए। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर घायलों को रेफर करने के लिए 108 एंबुलेंस अस्पताल के मुख्य गेट पर खड़ी हो गई। एंबुलेंस का चालक अस्पताल की आइडी लेकर जैसे ही एंबुलेंस तक पहुंचा तभी मौके पर मौजूद भीड़ ने उसे पीट दिया। जैसे-तैसे कुछ लोगों ने ड्राइवर को बचाया। इसके बाद ड्राइवर एंबुलेंस में दो घायलों को लेकर इंदौर रवाना हो गया।
पुलिस भी पहुंची अस्पताल
सूचना मिलने के बाद पुलिस जवान अस्पताल पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख अन्य पुलिसकर्मी और कोतवाली टीआइ राकेश नैन भी अस्पताल आ गए। घायलों को रेफर करने के बाद लोगों को अस्पताल से बाहर निकालकर माहौल को शांत किया गया। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
Published on:
02 Apr 2018 07:00 am
बड़ी खबरें
View Allशाजापुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
