कार्यकर्ताओं ने मालवा मिल चौराहे पर विजयवर्गीय के पुतले को सूत पहनाकर पुलिस-प्रशासन को आड़े हाथों लिया। इस दौरान तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा। मालूम हो, विजयवर्गीय ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि नियम-कायदे नहीं मानते। आप कार्यकर्ता दोपहर 1 बजे मालवा मिल चौराहा पहुंचे। यहां विजयवर्गीय का पुतला पहले से ही तैयार रखा था। कार्यकर्ताओं ने कहा, विजयवर्गीय इस तरह से बयान दे रहे हैं और पुलिस-प्रशासन चुप है। यह साफ है, प्रदेश और केंद्र दोनों ही सरकार उन्हें मौन रूप से समर्थन दे रही है। विजयवर्गीय स्पष्ट कर रहे हैं कि आम आदमी के लिए सभी नियम-कायदे बने हैं, उनके लिए नहीं। उन्होंने विजयवर्गीय का पुतला परदेशीपुरा पुलिस को सौंपते हुए पुलिस पर भी तंज कसा। पार्टी के जिला संयोजक युवराज सिंह चौहान ने कहा, आप विजयवर्गीय पर तो कार्रवाई नहीं कर सकते। उनके बयान के मुताबिक पुलिस-प्रशासन में रीढ़ की हड्डी ही नहीं है। एेसे में यह लो पुतला और इसी पर कार्रवाई कर अपनी इज्जत बचाओ। इसके बाद सभी ने तहसीलदार मनीष कुमार सोनी को ज्ञापन भी दिया। मौके पर हेमंत जोशी, लक्ष्मी चौहान, करुणा रघुवंशी, शैली राणावत, अजय लागू, वीरेंद्र चौहान, राजेंद्र अटल, अशोक शर्मा, योगेश सहगल और सतीश शर्मा भी मौजूद थे।