
शामली। कोरोना वायरस जैसी महामारी से निजात पाने को लेकर पूरा देश संघर्ष कर रहा है। सरकार द्वारा इसके मद्देनजर 21 दिन का लॉकडाउन भी घोषित किया गया है। इस सबके बीच शामली में लॉकडाउन के दौरान पैदा हुए एक बच्चे का नाम उसके परिजनों ने कोरोना रख दिया है। बच्चे के पिता की मानें तो उन्होंने यादगार पल के रूप में बच्चे का नाम कोरोना रखा है।
दरअसल, मामला जनपद शामली के थाना कांधला क्षेत्र के कस्बा एलम का है। यहां पर लॉकडाउन के दौरान पैदा हुए एक नवजात बच्चे का नाम उसके परिजनों ने कोरोना रख दिया है। बच्चे के पिता योगेश कुमार ने बताया कि 2 दिन पूर्व वह एक बच्चे के पिता बने हैं। उसने अपने बच्चे का नाम कोरोना रखा है।
उन्होंने बताया कि देश में आई महामारी को यादगार बनाने के लिए उन्होंने अपने बच्चे का नाम कोरोना रखा है। साथ ही योगेश ने अपील की है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर निर्देश दिए हैं, उनका लोग पालन करें। सभी नागरिक घर पर रहें और सुरक्षित रहें।