
शामली। आगामी होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्कता बरत रहा है। सीओ ने पुलिस टीम के साथ नगर में ड्रोन कैमरों से घरों की छतों पर ईंट पत्थरों की निगरानी की। इस दौरान दो छतों पर ईंट पत्थर मिलने पर घर स्वामियों को ईट पत्थर हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, शामली जिले में होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया हैं। शनिवार को पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे से कैराना नगर के अनेकों मोहल्लों में घरों की छतों पर ईंट-पत्थरों की निगरानी की। इस दौरान मेंढकी दरवाजे के निकट दो मकानों की छतों पर कुछ ईंट पत्थर दिखाई दिए। जिसके बाद सीओ ने मकान मालिकों को ईंट पत्थरों को हटाने के निर्देश दिए हैं।
सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आगामी होली के त्यौहार एवं जुमे की नमाज के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन कैमरे से क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी क्षेत्र वासियों से होली पर्व पर अमन चैन व शांति बनाए रखने की अपील की हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस को भी होलिका दहन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। होलिका के लिए एक सुरक्षा कमेटी बनाई गई है। जो सभी जगह सुरक्षा के मद्देनजर ध्यान रख रही है। होली के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों और संवेदनशील स्थानों की ड्रोन कैमरों के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
Updated on:
7 Mar 2020, 6:24 PM IST
Published on:
7 Mar 2020, 6:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.