
शामली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मेरठ (Meerut) और मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) के बाद बुधवार रात को शामली (Shamli) में बदमाशों ने वकील की हत्या कर दी। बुधवार रात को थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने अधिवक्ता गुलजार (30) की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारे घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर शामली से उनके पीछे लगे थे।
साथी के साथ में लौट रहे थे गांव
गुलजार कैराना (Kairana) में प्रैक्टिस करते थे। वह गांव सिक्का के रहने वाले थे। बुधवार रात करीब सवा 8 बजे गुलजार अपने साथी सचिन के साथ कैराना कोर्ट से अपने गांव सिक्का वापस लौट रहे थे। वे जैसे ही गंगा अमृत हॉस्पिटल के पास पहुंचे तो उनका पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने गुलजार पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग होती देख गुलजार ने सचिन को बाइक तेजी से दौड़ाने के लिए बोला। गुलजार व सचिन ने जब गाड़ी नहीं रोकी तो दोनों बदमाशों ने चलती बाइक में लात मारकर दोनों को नीचे गिरा दिया।
सीने में तमंचा सटाकर मारी गोली
इसके बाद एक बदमाश ने गुलजार के सीने में तमंचा सटाया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। सचिन से घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सचिन कुछ राहगीरों की मदद से गुलजार को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस में शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर मिलने के बाद ही गुलजार के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
यह कहा एएसपी ने
एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि शामली सहारनपुर रोड पर गंगाअमृत हॉस्पिटल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। आदर्श नगर मंडी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुलजार के परिजन भी मौके पर पहुच गए हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। स्वाट टीम आसपास के इलाकों में भी उनकी तलाश कर रही है। बदमाश वकील के पीछे लगे हुए थे।
Updated on:
24 Oct 2019 09:52 am
Published on:
24 Oct 2019 09:51 am

बड़ी खबरें
View Allशामली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
