
श्योपुर विधायक दुर्गालाल के आवास पर हंगामा कर लगाए नारे,पुलिस ने की शांति की अपील,देखे वीडियो
श्योपुर। केन्द्र सरकार द्वारा एससी एसटी एक्ट बिल में किए गए संशोधन के विरोध में गुरुवार को भारतबंद का आह्वान सभी सवर्ण संगठनों ने किया। इसी क्रम में बुधवार को सपाक्स समाज के लोगों ने बाजार में घूम-घूमकर दुकानदारों और व्यापारियों से बंद की अपील की है। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद रखने के लिए सहमति जताई है। भारत बंद के दौरान जिलेभर के 450 प्रायवेट स्कूलों ने भी अपने स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में प्रायवेट स्कूल संचालकों ने बुधवार को एक बैठक भी आयोजित की। इस बैठक में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया कि गुरूवार को स्कूल बंद रखे जाएंगे, क्योंकि यदि हिंसा की स्थिति निर्मित होती है तो बच्चों की सुरक्षा दांव पर लग जाएगी। वहीं देर शाम सरकारी स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई।
जिले की सभी तहसीलों में भी सपाक्स समाज के लोगों ने बाजार में घूम-घूमकर समर्थन मांगा तथा बैठकों का अयोजन कर बंद का आह्वान किया। जिसके चलते छह सिंतबर को भारत बंद के तहत श्योपुर जिले में भी व्यापक असर दिखा।
लेकिन करीब 11 बजे श्योपुर विधायक दुर्गालाल विजय के आवास के बाहर भारी संख्या में लोग इकत्रित हो गए और मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए हंगामा करने लगे। लेकिन जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस को मिली वह तुंरत ही मौके पर पहुंची और लोगों को तितर बितर किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं शहर सहित जिले के बड़ोदा, कराहल, मानपुर, विजपपुर सहित अन्य कस्बाई बाजार रहे बंद। श्योपुर जिला मुख्यालय पर पिछड़ा एवं सवर्ण वर्ग संघर्ष समिति के बैनर तले निकाली रैली और कोतवाली पर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को दिया ज्ञापन। इस दौरान बढ़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Published on:
6 Sep 2018, 3:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.