
10 साल के बच्चे को जिंदा निगल गया मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़ा, पेट से निकालने पर अड़े
विजयपुर/ श्योपुर. चंबल नदी में नहाने उतरे 10 वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ ने शिकार बना लिया। मगरमच्छ बच्चे को पानी में खींच ले गया और उसे निगल लिया। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को जाल फंसाकर बाहर निकाल लिया। देर शाम तक ग्रामीण बच्चे को मगरमच्छ के पेट से बाहर निकालने की मांग पर अड़े रहे। हादसा रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के रिझेटा गांव का है। सूचना मिलने पर रघुनाथपुर थाना प्रभारी श्यामवीर तोमर व घडिय़ाल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। घडिय़ाल विभाग की टीम मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर लेकर चली गई।
सोमवार की सुबह 10 वर्षीय अतरसिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह केवट अपने दोस्तों के साथ चंबल नदी में नहाने गया था। इसी बीच नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अतरसिंह पर हमला कर दिया। मगरमच्छ बच्चे को पानी में लेकर चला गया और जिंदा निगल गया। अतरसिंह को मगरमच्छ द्वारा निगल लिए जाने की सूचना बच्चों ने परिजनों को दी। परिजन व ग्रामीण काफी संख्या में नदी के पास एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने जाल डालकर मगरमच्छ को गहरे पानी में जाने से पहले पकडक़र बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
घडिय़ाल टीम ने दूसरे घाट पर छोड़ा मगरमच्छ
जानकारी मिलने पर घडिय़ाल विभाग के रेंजर सीएस पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया। रेंजर पटेल ने बताया कि मगरमच्छ को चंबल नदी के दूसरे घाट पर छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ द्वारा निगले गए बच्चे को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं निकल सका। फिलहाल मगरमच्छ को दूसरी जगह पानी में छोड़ दिया गया है।
गांव में पसर गया मातम
मगरमच्छ द्वारा बच्चे को निगल लिए जाने की सूचना गांव पहुंची तो मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया है कि सोमवार की सुबह गांव के बच्चे सुबह आठ बजे चंबल नदी में नहाने की कहकर घर से निकले थे। अतर सिंह चंबल नदी नहाने उतरा तभी मगरमच्छ ने उसे अपना शिकार बना लिया। मगरमच्छ के जबड़ों के बीच अतर सिंह को फंसा देख बच्चे की चिल्लाने लगे। इस बीच नदी के पास भैंस चरा रहे चरवाहे व ग्रामीण वहां आ गए और एकजुट होकर मगरमच्छ को पकडऩे जाल फेंक दिया।
इनका कहना है
सूचना मिलने पर हम टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। घडिय़ाल विभाग को भी सूचना दी गई। घडिय़ाल टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
श्यामवीर तोमर, थाना प्रभारी, रघुनाथपुर
Published on:
12 Jul 2022 12:39 am
बड़ी खबरें
View Allश्योपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
