
श्योपुर-बारां हाईवे बंद। फोटो- पत्रिका
MP Weather: मध्यप्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। श्योपुर जिले में भारी बारिश के चलते पार्वती नदी उफान पर आ गई है। जिसके चलते श्योपुर-बारां हाईवे बंद हो गया है। साथ ही राजस्थान से भी संपर्क टूट गया है। कुहंजापुर पुलिया पर पानी आने के कारण दोनों ओर से आवाजाही रूक गई है।
ऐसे ही शिवपुरी जिले के कोलारस के लुकवासा में ज्ञान स्थली स्कूल में जलभराव हो गया है। जिसमें कई टीचरों के फंसे होने की संभावना है। जिन्हें रेस्क्यू करने के लिए एसडीईआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है। शिवपुरी के एक घर में आकाशीय बिजली गिरने के कारण घर की खिड़कियों में दरारें आ गईं। मुंगावली में हुई भारी बारिश के कारण घरों में पानी घुस गया है।
बीते चार दिनों से यहां लगातार जारी बारिश के चलते श्योपुर जिले के 13 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। हालात ये हैं कि इन क्षेत्रों में तो बिजली है और ना ही मोबाइल नेटवर्क। ऐसे में आपात स्थिति होने के बावजूद तत्काल स्थितियां पता लगाना काफी मुश्किल साबित हो रहा है।
क्षेत्र में मचे बारिश के हाहाकार के बावजूद मौसम विभाग की ओर से अभी कोई राहत के संकेत नहीं है। बल्कि आईएमडी के द्वारा मध्य प्रदेश के श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर और आसपास के क्षेत्रों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि, पूर्वोत्तर राजस्थान, झारखंड और बिहार में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्चिव है, जिसका असर मध्य प्रदेश के बड़े इलाके पर पड़ रहा है। यही कारण है कि, एमपी से सटे राजस्थान के कई हिस्सों, जैसे- कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर और टोंक में अबतक औसत 115 मि.मी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है।
सबसे ज्यादा गुना में 5.8 इंच, नर्मदापुरम में 2.1, टीकमगढ़ में 2, मंडला में 1.4 इंच और ग्वालियर 1 इंच बारिश हुई। ऐसे ही खरगोन, रतलाम, दमोह, नरसिंहपुर, उमरिया, बैतूल, सिवनी, रायसेन, शिवपुरी, भोपाल, बालाघाट, छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, छतरपुर, सागर सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी है।
Updated on:
23 Jun 2025, 2:27 PM IST
Published on:
23 Jun 2025, 1:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.