
Ramniwas Rawat Mukesh Malhotra
मध्यप्रदेश के श्योपुर की विजयपुर विधानसभा में उपचुनाव के लिए वोटिंग चल रही है। मतदान के पहले हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस सख्ती पर उतर आई है। पुलिस ने बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को श्योपुर में प्रवेश नहीं करने दिया। विजयपुर में 12 प्रत्याशियों के बीच बीजेपी के रामनिवास रावत का कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा से सीधा मुकाबला है। यहां सुबह करीब 8 बजे कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को पुलिस ने नजरबंद कर लिया। कांग्रेस ने विरोध जताया तो बीजेपी प्रत्याशी रामनिवास रावत को भी नजरबंद कर लिया।
विजयपुर में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। करीब एक घंटे बाद पुलिसकर्मियों की एक टीम ने कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को ढूंढा और उन्हें पकड़कर अपनी सुरक्षा में बैठा लिया। इस संबंध में अधिकृत रूप से कहा गया कि कांग्रेस प्रत्याशी को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के पहरे में बैठाया गया है।
उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा को नजरबंद किए जाने का कांग्रेसियों ने जमकर विरोध जताया। उनका कहना था कि बीजेपी प्रत्याशी रामनिवास रावत को भी नजरबंद किया जाना चाहिए। कांग्रेसी की इस मांग के दो घंटे बाद बीजेपी प्रत्याशी रामनिवास रावत को भी पुलिस ने नजरबंद कर लिया। उन्हें पुलिस पहरे में एसडीओपी कार्यालय में बैठाया गया है।
बता दें कि विजयपुर में उपचुनाव में वोटिंग से पहले कई जगहों पर हिंसा और फायरिंग की घटनाएं हुई हैं। मतदान के दौरान भी कई जगहों पर हिंसक घटनाएं हुईं।
सुबह मतदान चालू होते ही बीजेपी प्रत्याशी रामनिवास रावत ने अपने गांव सुनवई में वोट डाला। कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने पुलिस सुरक्षा में अपने गांव में वोट डाला।
Updated on:
13 Nov 2024, 3:15 PM IST
Published on:
13 Nov 2024, 3:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.