
एक के बाद एक हुए 6 से ज्यादा धमाके, ढह गया मकान, सहम गया पूरा इलाका
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में लोगों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित एक मकान में एक के बाद एक करीब 6 एलपीजी सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया। बताया जा रहा है कि, ये सनसनीखेज घटना जिले के अंतर्गत आने वाले रन्नौद थाना इलाके के धंदेरा गांव में घटी है। आधा दर्जन से भी ज्यादा सिलेंडरों में धमाके होने के कारण आग भड़क उठी। धमाकों की आवाजें इतनी तेज थीं कि, पूरे इलाके में लोग कुछ देर के लिए दहशत में आ गए।
एक साथ हुए गैस सिलेंडरों के धमाकों ने जहां एक करफ संबंधित मकान को बुरी तरह से छतिग्रस्त कर दिया था, जिससे कुछ ही देर बाद वो भरभराकर गिर गया। वहीं, दूसरी तरफ गैस सिलेंडर के ब्लास्ट से भड़की आग ने मकान के नजदीक खड़ी एक स्कूल वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया, जो लगभग जलकर नष्ट हो चुकी है। घटना की जानकारी लगते ही रन्नौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ भड़की आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गनीमत रही कि, हादसे के एन पहले मौका देखकर मकान मालिक घर से बाहर निकल आया, जिससे उसकी जान बच गई। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हादसे में करीब 8 से 10 गैस सिलेंडर फटने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक घर में राशन की दुकान सहित गैस सिलेंडर बेचने का कार्य किया जाता था। हादसे की वजह हाई टेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट का होना बताया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
2 Sep 2023, 7:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.