
भ्रष्टाचार की पंचायत: चार तालाबों का गहरीकरण कागजों में, सरकारी खाते से निकाले 12 लाख रुपए
बदरवास. शिवपुरी जिले के बदरवास अंतर्गत ग्राम पंचायत विजयपुरा में जिम्मेदार सरपंच व सचिव द्वारा हर निर्माण कार्य में भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया। इसका जीता जागता उदाहरण तब देखने को मिला जब गांव में चार तालाबों के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 12 लाख रुपए सरकारी खाते से निकाल लिए, लेकिन काम एक भी तालाब में नहीं हुआ, सभी कामों को केवल कागजों में दर्शा दिया गया। इसके अलावा स्कूल मैदान बनाने के नाम पर भी राशि निकाली गई, लेकिन निर्माण कार्य बिल्कुल नहीं हुआ। बड़ी बात यह है कि समय-समय पर ग्रामीण इन काले कारनामों की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करते रहे, इसके बाद भी अधिकारी बस जांच की बात बोलकर इस भ्रष्टाचार में अपनी मौन स्वीकृति देते रहे। जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत राजपुर में दो व विजयपुरा में दो कुल चार तालाबों के गहरीकरण ओर सौंदर्यीकरण के लिए वर्ष 2017-18 में 12 लाख रुपए राशि आहरण की गई जबकि उक्त तालाब पूर्व के बने हुए है। उनमें महज वेस्टवियर बनाकर पूरी 12 लाख रुपए की राशि खुर्द-बुर्द कर ली गई। ग्राम पंचायत में तीन खेल मैदान बनाए हैं, जो ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय विजयपुरा में खेल मैदान एक जिसकी राशि 4 लाख रुपए, राजपुर में प्राथमिक ओर माध्यमिक दोनों में दो खेल मैदानों के नाम पर 8 लाख रुपए की राशि निकाली गई। केवल खंडों की बाउंड्री बनाई है। महज दो लाख रुपए खर्च कर शेष राशि हड़प ली गई। 15 अगस्त 2018 में प्राथमिक शाला भवन राजपुर में 4 लाख से बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए राशि आहरित की है, जबकि उक्त बाउंड्री में महज 1 लाख का खर्चा ही आया। गांव में जो सीसी रोड डाली गई है वह भी कुछ ही महिनों में जगह-जगह उखड़ गई। दो चेकडैम निर्माण के नाम पर 15 लाख 50 हजार रुपए की राशि निकाली गई। पहले चेकडैम का निर्माण वर्ष 2019 में पिरिया नाले पर 9 लाख 50 हजार से किया गया, जो कि जर्जर हालत में है। इस चेकडैम को बनाने में दो से तीन लाख रुपए का खर्च आया, लेकिन इंजीनियर से सांठगांठ कर 9 लाख 50 हजार रुपए निकाले गए। ढकरोरा नाले पर चेकडैम निर्माण राशि 6 लाख आहरित की है। यह डैम भी जर्जर हालत में पड़ा हुआ है।
यह बोले अधिकारी
जंाच दल बनी है। सभी सचिवों से निर्माण कार्यो की 26 सितंबर को जानकारी मांगी है। उसके बाद टीम मौके पर जाकर देखेगी ओर निर्माण नहीं मिलता है तो दोषी पर सख्त कार्रवाई होगी।
- एचपी वर्मा, सीईओ जिला पंचायत शिवपुरी
स्कूल प्रांगण की राशि निकाली है, जल्द निर्माण करा देंगे। तालाबों व खेल मैदान की जानकारी पर सचिव कोई जवाब नहीं दे पाए और बोले कि आप से आकर मिल लेता हूं। बाद में फोन काट दिया।
- महेश रघुवंशी,सचिव ग्राम पंचायत विजयपुरा
Published on:
26 Sept 2020 10:38 pm
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
