13 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिलेंडर फटा, आग से 50 हजार नकद व 12 क्विंटल चना सहित गृहस्थी का सामान जला

आधी रात फटा उज्जवला में मिला सिलेंडर, परिजन सो रहे थे खेत पर, वरना होता गंभीर हादसा  
2 min read
Google source verification
Cylinder cracked, fire, ignition plan, accident, damage, shivpuri, shivpuri news, , shivpuri news in mp

सिलेंडर फटा, आग से 50 हजार नकद व 12 क्विंटल चना सहित गृहस्थी का सामान जला

शिवपुरी. जिले के सिरसौद थाना अंतर्गत ग्राम राजा की मुढ़ेरी में रहने वाले एक किसान के घर में रखा गैस सिलेंडर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात फट गया। सिलेंडर फटने से भडक़ी आग में घर में रखे लगभग 50 हजार रुपए नगद व 12 क्विंटल चना के अलावा गृहस्थी का सामान तो जला ही, पूरा घर ही भरभरा कर गिर गया। यह तो शुक्र है कि परिजन रात में खेत पर सो रहे थे, अन्यथा गंभीर हादसा होता। यह सिलेंडर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत इस परिवार को मिला था, जिसे चार दिन पहले ही उपयोग करना शुरू किया था।
ग्राम राजा की मुढ़ेरी में रहने वाले कपूरा कुशवाह ने अभी कुछ समय पूर्व ही नया घर बनाया, जिसमें सीसी की छत करवाने के बाद दीवारों में प्लास्टर की तैयारी थी। चूंकि घर रहने लायक बन गया था, इसलिए उसमें घर-गृहस्थी का सामान रखने के साथ ही नरदी आदि भी उसी में रखते थे। कपूरा ने कुछ चना बेच दिया था, जिससे आई रकम लगभग 50 हजार रुपए उसी घर में रखे थे, जबकि 12 क्विंटल चना भी उसमें रखा था। रात में गर्मी अधिक होने की वजह से परिवार के सदस्य खेत पर ही बाहर चारपाई डालकर सोते हैं। कपूरा के बेटे ने बताया कि शनिवार की रात को भी परिवार के सभी सदस्य खेत पर सो रहे थे और घर में ताला लगा था।
रात लगभग डेढ़ बजे परिवार के सदस्यों सहित गांव के लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनी तो वे डर गए। परिवार के लोग जब घर की तरफ आए तो देखा कि दीवारें टूटकर बिखरी पड़ी थीं और छत हवा में लटक रही थी। घर में रखा सामान जल रहा था। कपूरा के बेटे ने बताया कि सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया और उससे लगी आग में घर का सामान सहित नगदी व चना भी जलकर नष्ट हो गया। उसने बताया कि डेढ़ माह पूर्व प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत यह सिलेंडर व चूल्हा मिला था। जिसे चार दिन पहले ही उपयोग करना शुरू किया था। सिलेंडर में आग कैसे भडक़ी और वो किन हालातों में फटा, इस बारे में परिवार के लोगों को भी पता नहीं है, लेकिन इस हादसे में उनका बड़ा नुकसान हो गया।