
सिर्फ कागजों पर चल रहे हैं सरकारी विभाग, खर्च भी करोड़ों में
संजीव जाट की एक्सक्लुसिव रिपोर्ट
शिवपुरी. अगर शासकीय रिकॉर्ड के हिसाब से देखा जाए तो मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के अंतर्गत आने वाले बदरवास विकासखंड मुख्यालय पर 26 विभागों के कार्यालय संचालित हैं। इन सभी 26 विभागों में अधिकारी और कर्मचारी भी पदस्थ हैं, लेकिन हकीकत ये है कि, मौके पर महज आधा दर्जन कार्यालय ही संचालित किए जा रहे हैं। यह हालात तब हैं जबकि जिले में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान चल रहा है, जिसमें सभी विभागों को शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया जाना है। बदरवास में जनपद, तहसील, महिला बाल विकास, शिक्षा विकासखंड अधिकारी, नगर परिषद, कृषि उपज मंडी, बीआरसीसी संचालित हैं, जबकि शासकीय रिकॉर्ड में 18 विभाग सिर्फ कागजों में संचालित हो रहे हैं।
कार्यलय हैं ही नहीं पर हो रहे हैं करोड़ों खर्च
बदरवास विकासखंड मुख्यलय पर 26 में से सिर्फ 8 कार्यालय संचालित हैं। लेकिन, इसमें चौंकाने वाली बात ये है कि, जो कार्यालय सिर्फ कागजों पर ही संचालित हैं, उनके सभी व्यय जैसे- बिजली कनेक्शन हैं, तथा हर महीने उनका बिल भी जारी किया जा रहा है। उन विभागों में बिजली बिल की बकाया राशि भी करोड़ो में पहुंच गई। इसके अलावा, मैंटेनेंस आदि में भी लाखों रुपए खर्च हो रहे हैं। अब सवाल ये उठता है कि, जब धरातल पर कुछ है ही नहीं तो ये खर्च कहां हो रहा है। उससे भी बड़ी बात ये कि, कागज पर दर्ज विभागों के नाम पर जो बिजली खपत हो रही है, आखिर वो हो कहां रही है ?
आम लोगों को नहीं मिल रहा यजनाओं का लाभ
इसके अलावा, एक और गंभीर बात ये भी है कि, हर विभाग के जरिए सरकार योजनाओं का क्रियानवयन किया जाता है, ताकि विभागांतर्गत आने वाले आमजन को उन योजनाओं का लाभ दिया जा सके। जानकारी के अनुसार, कागज पर दर्ज इन विभागों के जरिए करीब 365 योजनाओं का लाभ आमजन को दिया जाना है, लेकिन जब विकासखंड मुख्यालय में कहीं वो विभाग हैं ही नहीं, तो उनके जरिए आमजन को योजनाओं का लाभ कैसे मिल सकता है ?
विकास खंड मुख्यालय पर ये विभाग संचालित
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार बदरवास, नायब तहसीलदार रन्नोद, सहायक यंत्री एमपीइबी, सहायक प्रबंधक जिला व्यापार उद्योग केंद्र, वन परिक्षेत्राधिकारी, सहायक यंत्री पीएचई कोलारस, सहायक यंत्री लोनिवि उप संभाग शिवपुरी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, मंडल संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग बदरवास, मत्स्य विस्तार अधिकारी , वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, उद्यान अधीक्षक पौध शाला सजाई, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक खाद्य अधिकारी, खंड स्तरीय अन्वेषक सांख्यकी विभाग , श्रम तथा जनशक्ति नियोजन विभाग शिवपुरी, अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन उपखंड क्रमांक 1 शिवपुरी, खंड चिकित्सा अधिकारी , सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखंड बदरवास, पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, खंड पंचायत अधिकारी जनपद बदरवास, सहायक यंत्री लोनिवि, सहायक यंत्री एनआरईजीएस जनपद पंचायत बदरवास, कृषि उपज मंडी एवं नगर परिषद शामिल हैं।
मामला गंभीर है
मामले को लेकर जब एसडीएम ब्रजविहारी श्रीवास्तव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि, मामला गंभीर है। तथा विभाग के हिसाब से समीक्षा की जाएगी। जो विभाग लगातार संचालित हो रहे हैं तथा जो मुख्यालय पर नही हैं उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जाएगा।
Published on:
19 Oct 2022 01:03 pm
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
