16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP News- बिजली कनेक्शन के लिए किसानों से मांग रहे रिश्वत, 20 हजार लेते रंगे हाथों दबोचा, जेई फरार

Shivpuri- पुलिस ने बिजली कंपनी के सहायक प्रबंधक जेई सुजीत मिश्रा को भी आरोपी बनाया है

2 min read
Google source verification
Gwalior EOW arrests operator in Shivpuri for accepting a bribe

Gwalior EOW arrests operator in Shivpuri for accepting a bribe- Demo pic

Shivpuri- मध्यप्रदेश में बिजली कनेक्शन के लिए किसानों से हजारों रुपए रिश्वत के रूप में मांगे जा रहे हैं। ऐसे ही एक केस में ग्वालियर ईओडब्ल्यू पुलिस ने बिजली कंपनी के ऑपरेटर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सोमवार शाम को ये कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिजली कंपनी के सहायक प्रबंधक जेई सुजीत मिश्रा को भी आरोपी बनाया है। ट्रांसफार्मरों में बिजली कनेक्शन की एवज में रिश्वत मांगी गई थी जिसमें से 44 हजार रुपए शिकायतकर्ता पहले ही दे चुका है।

शिवपुरी जिले के करैरा के खैराघाट स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय में ईओडब्लू ने कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुशवाहा को ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ग्राम दोनी निवासी प्रदीप रावत की शिकायत पर ग्वालियर EOW ने ये कार्रवाई की।

शिकायतकर्ता ने बताया कि खैराघाट के जेई सुजीत सिंह मिश्रा द्वारा ट्रांसफार्मर कनेक्शन कराने के बदले रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया कि इससे पहले JE सुजीत मिश्रा प्रदीप रावत के पिता से ₹44 हजार रुपए ले चुके हैं। आरोप है कि ट्रांसफार्मर कनेक्शन कराने के लिए सुजीत सिंह मिश्रा ने प्रदीप रावत से ₹30 हजार की रिश्वत मांगी थी, जो बाद में ₹25 हजार में तय हुई।

योजना के अनुसार सोमवार को प्रदीप रावत पैसे देने के लिए खैराघाट डीसी विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे और उन्होंने जेई सुजीत सिंह मिश्रा को फोन कर बताया कि मैं ऑफिस पहुंच गया हूं। जेई सुजीत मिश्रा ने कुछ देर बाद कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुशवाहा को फोन कर प्रदीप रावत से ₹20 हजार रुपए लेने को कहा। जैसे ही प्रवीण कुशवाहा ने प्रदीप रावत से रिश्वत की राशि ली, पहले से घात लगाए बैठी EOW टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान जेई सुजीत सिंह मिश्रा मौके पर मौजूद नहीं थे।

खैराघाट के जेई सुजीत सिंह मिश्रा को मुख्य आरोपी बनाया

EOW के निरीक्षक शैलेंद्र सिंह कुशवाहा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में खैराघाट के जेई सुजीत सिंह मिश्रा को मुख्य आरोपी बनाया गया है। वह अभी फरार है। मामले की सूचना के बाद जेई अपने घर से भाग गया और मोबाइल भी बंद कर लिया।

ईओडब्ल्यू के निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि रिश्वत के इस मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस को जेई की रिश्वत मांगने की रिकार्डिग भी दी थी। आरोपी सहायक प्रबंधक मिश्रा ने आवेदक से उसके दो ट्रांसफार्मरों में बिजली कनेक्शन कराने की एवज में यह रिश्वत मांगी थी।