
शिवपुरी. शिवपुरी में शादी के महज दो महीने बाद ही पति ने पत्नी को प्रताड़ित करने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी पति ने पत्नी का पहला तो गला दबाया फिर उसके जबड़े को फाड़ने की कोशिश की। इसके बाद पत्नी के सिर में पानी का जग मार दिया। इतना करने के बाद पति ने पत्नी के गाल अपने मुंह से काट दिए। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां से छुट्टी मिलने के बाद वो पिता के साथ पुलिस थाने में पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। आरोपी पति शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन के पद पर पदस्थ है।
शादी के 2 महीने बाद क्रूरता की हद पार
पिता के साथ पुलिस थाने पहुंची पीड़ित पत्नी ने बताया कि उसकी शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। पति शिशुपाल रिठरिया शिवपुरी के शासकीय मेडिकल कॉलेज में लेब टेक्नीशियन के पद पर पदस्थ है। पीड़िता ने बताया कि 27 जनवरी की रात वो घर पर पढ़ाई कर रही थी तभी भाई का फोन आया तो वो भाई से बात करने लगी। तभी पति शिशुपाल घर पहुंच गया और मोबाइल छीनकर फेंक दिया, फिर उसका गला दबाने की कोशिश की। उसने अपने आप को बचाने की कोशिश की तो पति ने कंधे और हाथ की कलाई पर काटा। सिर पर पानी के जग से मारा जिससे खून निकलने लगा। इसके बाद पति ने अपने हाथों से उसका मुंह फाड़ने की कोशिश की और आखिर में उसके गाल और हाथ पर मुंह से काटा।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति शिशुपाल व ससुर रामप्रसाद, सास धनवंती, ननद छाया व सुषमा शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। 2 लाख रुपए की मांग करते हुए ताने मारते थे और कहते थे कि शादी में तेरे घरवालों ने कोई महंगे गिफ्ट भी नहीं दिए। लेकिन उसने सोचा कि वक्त के साथ सब ठीक हो जाएगा पर वो गलत थी। वक्त के साथ उनकी प्रताड़ना बढती गई और अब पति ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति, सास-ससुर व दोनों ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
देखें वीडियो- रसूखदारों का रसूख जमींदोज
Updated on:
29 Jan 2022, 4:06 PM IST
Published on:
29 Jan 2022, 4:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.